बदायूं में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए नई व्यवस्था लागू होने जा रही है। अब 16 मार्च से आवेदकों को सेंसरयुक्त आधुनिक ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर परीक्षा देनी होगी।
बदायूं में ड्राइविंग लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और तकनीकी रूप से सुदृढ़ बनाने की दिशा में परिवहन विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। अब 16 मार्च से स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदकों को सेंसर युक्त आधुनिक ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर परीक्षा देनी होगी। इस नई व्यवस्था के लागू होने से लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी और केवल योग्य आवेदकों को ही लाइसेंस मिल सकेगा।
विज्ञापन
एआरटीओ हरिओम कुमार के अनुसार बिल्सी रोड स्थित ड्राइविंग टेस्टिंग ट्रैक पर 16 मार्च से स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए ड्राइविंग टेस्ट की शुरुआत की जाएगी। इस ट्रैक को आधुनिक सेंसर तकनीक से लैस किया गया है, जिसके माध्यम से आवेदक की ड्राइविंग क्षमता का निष्पक्ष और सटीक मूल्यांकन किया जाएगा। यदि वाहन निर्धारित ट्रैक से बाहर जाता है या नियमों का उल्लंघन होता है तो सेंसर तुरंत इसे दर्ज कर लेंगे।
ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों की स्क्रूटनी और बायोमेट्रिक प्रक्रिया परिवहन कार्यालय बदायूं में पूरी की जाएगी। इसके बाद आवेदकों को ड्राइविंग टेस्ट देने के लिए चालन प्रशिक्षण केंद्र पहुंचना होगा। टेस्ट में सफल होने वाले आवेदकों को नियमानुसार स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया जाएगा।