बिल्सी। बिजनौर-बदायूं हाईवे पर सतेती चौराहे के निकट बृहस्पतिवार शाम एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। एंबुलेंस ने उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
कोतवाली क्षेत्र के गांव निजामपुर निवासी ओमप्रकाश पुत्र पंचम सिंह ई-रिक्शा चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बृहस्पतिवार शाम वह बिल्सी से ई-रिक्शा लेकर अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान गांव सतेती चौराहे के निकट सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन से बचने के प्रयास में ई-रिक्शा मोड़ने की कोशिश की। अचानक संतुलन बिगड़ने से ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया।
हादसे में ओमप्रकाश गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस कर्मियों ने घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिल्सी पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।