उझानी के हजरतगंज में नाला निर्माण में जुटे मजदूर। संवाद
उझानी। हजरतगंज में नाला निर्माण का काम शुरू हो चुका है। नाला निर्माण से बदायूं-दिल्ली हाईवे पर नालियों का पानी भरने की समस्या से निजाद मिल जाएगी। नाला बनने के बाद ही हाईवे के गड्ढों को भरने का काम लोक निर्माण विभाग शुरू होगा। इसके बाद बीते एक हफ्ते से बंद चल रही दूसरी लेन पर भी यातायात खोल दिया जाएगा।
बदायूं-दिल्ली हाईवे पर पिछले सप्ताह हजरतगंज गांव की नालियों का पानी भर गया था। पानी भर जाने से हाईवे की एक लेन पर गहरे गड्ढे हो गए। इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने हाईवे की क्षतिग्रस्त लेन पर वाहनों के आवागमन पर पिछले हफ्ते रोक लगा दी थी। ब्लॉक कर्मचारियों ने पानी निकलवाकर आवागमन शुरू कराने की कोशिश भी की, लेकिन गड्ढों की मरम्मत के अभाव में कोशिश सफल नहीं हो पाई है। हाईवे की एक लेन फिलहाल बंद है।
अमर उजाला में खबर प्रकाशित होेने के बाद अधिकारियों ने समस्या का संज्ञान लिया। शुक्रवार सुबह ही ब्लॉक के कर्मचारियों ने नाला निर्माण का काम शुरू करा दिया। बीडीओ सर्वज्ञ अग्रवाल ने बताया कि पहले दिन हाईवे से शिक्षा विभाग के बीआरसी केंद्र के पीछे वाली गली में काम चला।यहां बता दें कि नाले पर मनरेगा के तहत 10 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
हाईवे की मरम्मत को लेकर बीडीओ की लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) के अफसरों से भी बात हुई है। लोनिवि के अफसरों ने बताया कि नाला निर्माण के बाद ही हाईवे की मरम्मत कराई जाएगी। बता दें कि बदायूं-दिल्ली हाईवे पर हजरतगंज के सामने एक ही लेन पर वाहनों का आवागमन सुचारू है। दूसरी लेन करीब एक हफ्ते से बंद है।
डीएम ने पूछा- कब तक पूरा होगा नाला निर्माण
हजरतगंज की नालियों का पानी भर जाने से बदायूं-दिल्ली हाईवे के करीब दो सौ मीटर इलाके में एक लेन पर वाहनों के आवागमन पर रोक को डीएम निधि श्रीवास्तव ने गंभीरता से लिया है। पीडब्ल्यूडी के अफसरों ने जब नाले के निर्माण के बाद हाईवे की मरम्मत का दावा किया तो डीएम ने बीडीओ से निर्माण कार्य की प्रगति की रिपोर्ट मांग ली। बीडीओ से पूछा- नाले का निर्माण कब तक हो पाएगा। वह कोई तारीख तो नहीं बता सके। इस पर उन्हें जल्द से जल्द नाला निर्माण का काम पूरा करने के निर्देश दिए।