बदायूं। शहर में बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के लिए नगर पालिका ने नाला निर्माण का कार्य शुरू करा दिया है। छह सड़क से घंटाघर तक लंबे समय से केवल छोटी नालियां बनी हुई थीं। बारिश के दौरान पानी के निकासी में समस्या आती थी।
नगर पालिका की ओर से अब इस मार्ग पर बड़े नाले का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि बारिश का पानी तेजी से निकल सके और जलभराव की समस्या कम हो। निर्माण कार्य शुरू होने से स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों में राहत की उम्मीद जगी है। दुकानदार रोहन, मुनेश का कहना है कि हल्की बारिश में भी सड़क पर पानी भर जाता था।
पालिका ईओ विनय कुमार मणि त्रिपाठी के अनुसार शहर के जिन क्षेत्रों में जलनिकासी की समस्या अधिक है, वहां प्राथमिकता के आधार पर नाला निर्माण और सफाई कार्य कराया जा रहा है। नए नाले के बनने से पानी की निकासी बेहतर होगी और बरसात के दौरान लोगों को राहत मिल सकेगी। हालांकि निर्माण कार्य के चलते फिलहाल लोगों को आवाजाही में कुछ परेशानी हो रही है, लेकिन अधिकारियों का कहना है कि स्थायी समाधान के लिए यह कार्य जरूरी है। लोगों को उम्मीद है कि नाला निर्माण पूरा होने के बाद बरसात में सड़कों पर जलभराव की समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी।