बदायूं। कलक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में डीएम ने स्वरोजगार परक योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान दो उद्यमियों को जिला पंचायत द्वारा एनओसी न दिए जाने पर नाराजगी जताई। समय सीमा में एनओसी न देने पर वेतन काटने की चेतावनी दी।
इस दौरान बताया गया कि अजीत सांगा बिल्सी में एक होटल का निर्माण और काली बायो एनर्जी एलएलपी आसफपुर में बायो सीएनजी प्लांट लगाना चाहते हैं। दोनों उद्यमियों को अभी तक जिला पंचायत से अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) नहीं दिया गया है। इस पर डीएम नाराज हो गए। जिला पंचायत के एएमए के प्रतिनिधि से कहा कि वह समय सीमा बताएं कि कब तक एनओसी जारी कर देंगे। इसके बाद एनओसी जारी नहीं हुई तो संबंधित कर्मचारी का वेतन रोका जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद वित्त पोषण योजना व मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना में प्राप्त आवेदनों के सापेक्ष बैंकों से ऋण कम उपलब्ध कराने पर भी नाराजगी व्यक्त की। कहा कि अधिक से अधिक आवेदकों को ऋण उपलब्ध कराया जाए। उपायुक्त उद्योग से इन योजनाओं में अधिक से अधिक आवेदन भरवाए जाने को कहा। डीएम ने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित 76 आवेदनों को निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने भू-उपयोग परिवर्तन के पांच प्रकरणों पर भी संबंधित विभागीय अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर सीएमओ केशव कुमार, एडीएम प्रशासन, नगर मजिस्ट्रेट सहित अन्य विभागीय अधिकारी, उद्यमी व व्यापारी मौजूद रहे।