डीएम ने शहर के पुलिस लाइन चौराहे व कुंवरगांव रोड से दो टेंपो सहित चार वाहनों को पकड़ा। जिन पर पीछे और इधर-उधर यात्री लटके हुए थे। उन्हें पुलिस को देते हुए कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए। कुंवरगांव पुलिस ने एक टेंपो का चालान और दूसरे को जुर्माना लगाकर छोड़ दिया। जबकि शहर में पकड़ी गई दोनों गाड़ियों को सीज कर दिया।
शुक्रवार को डीएम दिनेश कुमार सिंह जब कुंवरगांव क्षेत्र से बदायूं की ओर आ रहे थे। तभी उन्होंने टेंपो और अन्य वाहनों पर यात्रियों को लटके देखा। इससे डीएम का पारा चढ़ गया। उन्होंने अधीनस्थ सुरक्षाकर्मियों को यात्रियों को लटकाकर चलने वाले वाहनों को रोकने के लिए कहा। कुंवरगांव रोड पर दो टेंपो को रोककर चालकों सहित थाना कुंवरगांव पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस लाइन चौराहे पर भी खड़े होकर डीएम ने यात्री लटकाकर चलने वाले वाहनों का जायजा लिया तो दातागंज को जा रही गाड़ी के पायदान पर भी कई यात्री लटके दिखे। इस पर उसे सुरक्षाकर्मियों से रुकवाकर पुलिस को सौंप दिया। वहीं ओवरब्रिज पर मैजिक गाड़ी के पायदान पर भी यात्री बुरी तरह लटके मिले। डीएम ने इस वाहन को भी चालक सहित पुलिस कर्मियों को सौंप दिया। डीएम ने थानाध्यक्षों को निर्देश दिए कि सवारी ढोने वाले सभी वाहनों के प्राथमिकता के आधार पायदान कटवाए जाएं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि से यह भी ध्यान दिया जाए कि कोई भी वाहन पीछे व इधर उधर यात्रियों को लटकाकर न चले। इधर, पुलिस लाइन में पकड़ी गई दोनों गाड़ियों को पुलिस ने सीज कर दिया।