बदायूं। सिटी मॉल में हुए अश्लील डांस के प्रकरण में डीएम अवनीश राय ने जांच बैठाई है। इसमें एडीएम प्रशासन व एसपी सिटी की संयुक्त टीम मामले की जांच करेंगे। साथ ही अपनी रिपोर्ट सात दिनों के अंदर डीएम को देंगे।
सिटी मॉल में स्थित सफायर लाउंज एंड क्लब से जुड़ा एक वीडियो 13 जुलाई को वायरल हो रहा था। इसमें अश्लील डांस, शराब का सेवन, डांसर को रुपये देते हुए दिखाई दे रहे थे। इसको लेकर डीएम अवनीश राय ने दाे सदस्यीय कमेटी बनाई है। इसमें एडीएम प्रशासन अरुण कुमार और एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह को शामिल किया है।
अब यह टीम वहां पर लगे सीसी टीवी कैमरे, सिक्योरिटी गार्ड, वीडियो में शामिल लोगों से बात करेंगे। इसके बाद में विस्तृत रिपोर्ट बनाकर डीएम को देंगे। इसके बाद में डीएम स्तर से इस मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। हालांकि इन सात दिनों में जिन-जिन पर आरोप लग रहे है, उनका भी पक्ष सुना जाएगा।
दो सदस्यीय टीम गठित की गई है। उनकी रिपोर्ट आने के बाद में आगे की कार्रवाई की जाएगी। - अवनीश राय, डीएम