रोडवेज बस स्टैंड के पास पैदल गश्त करतीं डीएम निधि श्रीवास्तव- एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह व अन
बदायूं। शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए डीएम निधि श्रीवास्तव और एसएसपी डॉ. बृजेश कुमार सिंह बृहस्पतिवार सुबह पांच बजे सड़क पर निकल पड़े। पैदल गश्त करते हुए उन्हाेंने शहर का जायजा लिया। साथ में पुलिस बल व अन्य अधिकारी भी रहे।
अधिकारियों ने सबसे पहले रोडवेज बस स्टैंड का जायजा लिया। यहां आने-जाने वाले यात्रियों से बात की। सुरक्षा के बारे में जानकारी ली और उन्हें जागरूक भी किया। डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश हैं कि अधिकारी सुबह-शाम शहर के भीड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर व्यापारियों व यात्रियों से वार्तालाप करें। इसी के मद्देनजर पुलिस अधिकारियों के साथ बृहस्पतिवार की सुबह शहर का जायजा लिया गया। इसी तरह शाम के समय भी अधिकारी पैदल गश्त करेंगे।
एसएसपी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि व्यापारियों व यात्रियों समेत आम जनमानस में सुरक्षा का एहसास होना चाहिए। इसी को लेकर अधिकारी शहर में पैदल गश्त पर निकले हैं। इससे दुकानदार, व्यापारी व आने-जाने वाले यात्री भी खुद को सुरक्षित महसूस करते हैं। पैदल गश्त नियमित जारी रहेगी। इस मौके पर एडीएम वित्त वैभव शर्मा, एसपी सिटी अमित किशोर श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक सिविल लाइन मनोज कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली राकेश कुमार पुलिसबल के साथ मौजूद रहे।