उगाही समेत कई शिकायतें मिलने पर उठाया कदम
जांच के लिए जिला अस्पताल पहुंचे डीआरओ, लिए बयान
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। नवंबर में युवा मंच संगठन ने मंडलायुक्त को शिकायती पत्र देकर महिला अस्पताल में घपलेबाजी और डॉक्टरों की मनमानी की शिकायत की थी। इसको गंभीरता से लेते हुए उन्होंने डीएम मनोज कुमार को जांच के निर्देश दिए हैं। जिस पर उन्होंने डीआरओ को जांच अधिकारी नामित करते हुए रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं।
युवा मंच संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ध्रुव देव गुप्ता ने 12 नवंबर को मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल को शिकायती पत्र दिया था, जिसमें महिला अस्पताल में तैनात डॉक्टरों पर प्रसव के नाम पर रिश्वत लेने और निजी अस्पताल चलाने, गर्भवती महिलाओं को डरा-धमका कर प्राइवेट नर्सिंग होम में ले जाने के लिए मजबूर करने के संबंध में शिकायत की थी।
मामले पर संज्ञान लेते हुए मंडलायुक्त ने डीएम मनोज कुमार को मामले की जांच कर रिपोर्ट मांगी है। डीएम ने डीआरओ जीत सिंह को जांच सौंपी है। बुधवार को डीआरओं ने महिला अस्पताल पहुंचकर जांच की । डीआरओ जीत सिंह ने बताया कि डीएम के निर्देश पर वह जांच के लिए गए थे। बयान दर्ज किए हैं। जांच के बाद रिपोर्ट डीएम को देंगे।