बदायूं के बिसौली कोतवाली क्षेत्र में एक शोहदे की हरकतों से परेशान होकर एक किशोरी ने गुरुवार दोपहर सल्फास की गोलियां खाकर जान दे दी। किशोरी के भाई ने शोहदे पर छेड़छाड़ और उसके परिवारवालों पर मारपीट-गालीगलौज करने का आरोप लगाया है।
मामला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव का है। यहां एक युवक करीब बीस दिन से सोलह वर्षीय लड़की को बार-बार कॉल करके परेशान कर रहा था। किशोरी के परिवारवालों का कहना है कि युवक को पहले समझाने की कोशिश की थी। चेतावनी भी दी थी कि वह अपने माता-पिता से शिकायत कर देगी लेकिन आरोपी हरकतों से बाज नहीं आया। जब युवक नहीं माना तो लड़की ने गुरुवार सुबह इसके बारे में अपने भाई को बताया। इस पर भाई आरोपी युवक से जाकर मिला। उसे बताया कि वह उसकी बहन को परेशान न करे। इस दौरान उनके बीच काफी बहस भी हुई। इसके बाद किशोरी का भाई घर आ गया।
आरोप है कि दोपहर में आरोपी युवक अपने परिवार के साथ लाठी-डंडे लेकर लड़की के घर आ धमका। दोनों के परिवार वालों में काफी विवाद हुआ। उन्होंने गालीगलौज की। आरोपियों ने लड़की के चरित्र पर भी उंगली उठाई। इसी बीच किशोरी ने घर में रखी सल्फास की गोलियां खा लीं। हालत बिगड़ने पर परिवारवाले उसे नगर के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। सीओ बिसौली विनय कुमार सिंह चौहान ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर मिल गई है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।