कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव दुगरैया में बुधवार रात जिला पंचायत चुनाव को लेकर दो पक्षों के समर्थकों में विवाद हो गया। मामला मारपीट तक पहुंच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुला लिया, जहां समझौते के साथ मामला निपट गया।
थानाक्षेत्र के दुगरैया गांव में जिला पंचायत सदस्य की दावेदारी को लेकर दो गुट सक्रिय हैं। बुधवार रात करीब नौ बजे मौजूदा जिला पंचायत सदस्य पक्ष के समर्थक दिलदार पुत्र जाहिद अपने घर से चाचा के घर जा रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष से जुड़े चांद मियां और उनके भाइयों से उनका सामना हो गया।
आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंच गए और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने रात में ही दोनों पक्षों को थाने बुलाकर बातचीत कराई। बाद में गांव के लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया, जिसके बाद किसी पक्ष ने कार्रवाई की मांग नहीं की। थाना प्रभारी राजेश कुमार कौशिक ने बताया कि दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से समझौता कर लिया है, इसलिए कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। संवाद