बिल्सी। कोतवाली क्षेत्र के गांव सिरासोल में बुधवार की रात बरात में शामिल डीजे पर गाना बदलने को लेकर दबंगों ने बरातियों के साथ जमकर मारपीट कर दी। इससे तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण बिल्सी सीएचसी में कराया।
थाना इस्लामनगर क्षेत्र के कस्बा रुदायन निवासी हरिओम के पुत्र कौशल की बारात क्षेत्र के गांव सिरासौल में प्रमोद कुमार के घर आई थी। इसी दौरान डीजे पर गाना बदलने को लेकर डीजे संचालक और बरातियों के बीच कहासुनी हो गई। उसके बाद वहां मौजूद लोगों ने मामला शांत करा दिया। बरात जब रवाना होने लगी तो रास्ते में गांव के पास ही डीजे संचालक ने अपने साथियों के साथ बाइक से जा रहे तीन बरातियों को रोक लिया और उनके साथ लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला कर दिया।
इससे रुदायन निवासी मोहित पुत्र नरेश, विशाल पुत्र जयपाल एवं भगवंत नगर निवासी अवधेश पुत्र तेजपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। मामले की शिकायत पुलिस से की गई। पुलिस ने तीनों घायलों को बिल्सी अस्पताल भेजा। वहां घायलों का उपचार किया जा रहा है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
घायल अवधेश। संवाद