बदायूं। सिविल लाइंस थानाक्षेत्र के अंतर्गत कचहरी परिसर में बुधवार दोपहर एक महिला व उसके परिचित युवक का रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। दोनों के बीच कहासुनी हो गई। सूचना पर पुलिस युवक को पकड़ कर थाने ले आई। पुलिस ने आरोपी का शांतिभंग में चालान कर दिया गया। शाम करीब छह बजे महिला सीओ सिटी कार्यालय पहुंची। वहां उसने आरोपी पर यौन उत्पीड़न व धर्मांतरण के आरोप लगा दिए। सीओ ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
बिनावर थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी महिला ने बुधवार शाम सीओ सिटी को दी शिकायत में बताया कि बिनावर कस्बा का रहने वाले दूसरे समुदाय के युवक ने उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर कई दिनों तक यौन शोषण किया। बुधवार को एसएसपी से शिकायत करने घर से बदायूं आ रही थी, तभी वह कचहरी तिराहे के पास मिल गया। उसने धर्मांतरण करने का दबाव बनाया। कहा कि वह उसके साथ पत्नी बनकर रहे। विरोध करने पर अश्लील हरकत की। शोर शराबा होने पर आए अधिवक्ताओं ने उसे बचाया। पुलिस ने उसका शांतिभंग में चालान कर दिया। सीओ सिटी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर मनोज कुमार ने बताया कि महिला का पति एक मामले में जेल में बंद है। आरोपी व महिला का पति पहले से एक दूसरे के परिचित रहे हैं। कचहरी में रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था।