मूसाझाग थाना क्षेत्र के गांव सैंजनी में निर्माणाधीन महिला पीएसी बटालियन के निरीक्षण के दौरान वर
बदायूं। मूसाझाग क्षेत्र के गांव सैंजनी में महिला पीएसी की निर्माणाधीन बटालियन परिसर का बुधवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक (पीएसी) लखनऊ अनुभाग किरत राठौड़ ने डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा के साथ स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता, सुरक्षा मानकों तथा कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी पीएसी ने निर्माणाधीन भवनों में प्रयुक्त सामग्री की गुणवत्ता, निर्माण कार्य की प्रगति और तकनीकी मानकों का अवलोकन किया। साथ ही निर्माण स्थल पर की गई बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक, श्रमिकों की सुरक्षा, आवागमन व्यवस्था और अन्य सुरक्षा उपायों का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण हो। किसी भी स्तर पर गुणवत्ता से समझौता न किया जाए। अधिकारियों ने निर्माणाधीन परिसर एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था की भी समीक्षा की। निर्माण अवधि के दौरान सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने, नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रत्येक चरण में गुणवत्ता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान सेनानायक द्वितीय वाहिनी पीएसी सीतापुर संतोष कुमार मीना, उप सेनानायक 43वीं वाहिनी पीएसी एटा मुकेश प्रताप सिंह, क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह, क्वार्टर मास्टर आठवीं वाहिनी पीएसी बरेली तेज प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।