भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के टेस्ट क्रिकेट से सन्यास लेने के फैसले को क्रिकेट प्रेमियों ने सही समय पर लिया गया फैसला करार दिया है। कहा, विराट कोहली के नेतृत्व में टीम इंडिया फिर से दुनिया में बादशाहत हासिल करेगी। आस्ट्रेलिया में तीसरे टेस्ट के बाद महेंद्र सिंह धोनी ने टेस्ट क्रिकेट से सन्यास लेने का फैसला लेकर अपने फॉलोअर में खलबली मचा दी।
क्रिकेट प्रेमी गोविंद देवल ने कहा कि श्री धोनी ने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को नंबर वन पर पहुंचा दिया था। वह एक अच्छे खिलाड़ी के साथ ही अच्छे कप्तान भी रहे। क्रिकेटर अर्जुन कुमार का कहना था कि धोनी जब भी मैदान पर होते थे तब वह टेस्ट मैच को भी वन-डे की तरह खेलते थे। मनीष असावा ने कहा कि धोनी ने सही वक्त पर टेस्ट क्रिकेट से सन्यास लिया है, क्योंकि उनके साथी विराट कोहली टेस्ट क्रिकेट कप्तान के अधिक दावेदार थे, सो उन्होंने यह फैसला ले लिया। मनीष का कहना है कि कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया फिर से बादशाहत हासिल क रेगी। नीरज वघेल और अंजू सोनी ने कहा कि धोनी वन डे और टी ट्वेंटी के अच्छे खिलाड़ी हैं, अब उन्हें पूरा ध्यान इन्हीं फार्मेंट पर लगाना चाहिए। क्रिकेट प्रेमी वसीम सलमानी, कमलेश शर्मा और पुरुषोत्तम शाक्य ने कहा कि धोनी ने टेस्ट क्रिकेट में अच्छी कप्तानी की। उनकी कप्तानी में पिछला विश्वकप भारत ने जीता था।