सीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा
जातिप्रमाण पर नहीं बनने से नाराज अखिल भारतीय धनगर महासभा ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी धनगर की अगुवाई में समाज के तमाम लोगों के साथ रविवार को यहां पहुंचर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम सदर को सौंपा। इससे पूर्व समाज को जागरूक करने रथ पर सवार होकर निकले राष्ट्रीय अध्यक्ष का समाज के लोगों ने जोरदार स्वागत किया।
इस मौके पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी धनगर ने कहा कि समाज के लोग अपने अधिकार को लेकर रहेंगे। उन्होंने एसडीएम को शासनादेश का हवाला देते हुए कहा कि बदायूं में अभी तक धनगर (गड़रिया) जाति के लोगों के जाति प्रमाणपत्र नहीं बन रहे हैं। इससे समाज के लोगों में काफी निराशा है। पूर्वांचल प्रभारी बाबूराम धनगर और जयसिंह पाल ने कहा कि धनगर अधिकार रथ यात्रा से समाज के लोगों में बेहद उत्साह है। उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट करने के लिए महासभा द्वारा यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है। जिलाध्यक्ष रमेश धनगर ने कहा कि अधिकार रथ यात्रा 25 मई को लखनऊ पहुंचेगी। जहां भारी संख्या में लोग मौजूद रहेंगे। एसडीएम ने पूरी बात को सुनकर शासनादेश के अनुसार जातिप्रमाण पत्र बनवाने का आश्वासन दिया।
इस मौके पर राजेश कुमारपाल, बुलाखीराम पाल, राजेंद्र बघेल, राजपाल सिंह, केकेपाल, सुरेश पाल, कीर्ति पाल, नेत्रपाल सिंह, मुकेश पाल, मुनीश पाल, शीलेंद्र, जसवीर, प्रदीप पाल, हेमसिंह, उमेश पाल, सूबेदार, राकेश पाल, महीपाल सिंह आदि थे।