कछला गंगाघाट पर हुई बैरिकेडिंग। स्रोत: नगर पंचायत
उझानी। कछला गंगाघाट पर शुक्रवार को बुद्ध पूर्णिमा के स्नान के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के मद्देनजर एक दिन पहले से ही व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया गया। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए घाट पर मजिस्ट्रेटों की मौजूदगी में अतिरिक्त पुलिस फोर्स भी तैनात रहेगा। प्राइवेट नाविकों समेत गोताखोरों को भी ड्यूटी पर लगाया गया है।
गंगाघाट पर शुक्रवार तड़के से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की उम्मीद के बीच नगर पंचायत कछला के कर्मचारी बृहस्पतिवार पूरे दिन व्यवस्थाएं कराने में जुटे नजर आए। चेयरमैन जगदीश सिंह लौनिया चौहान ने बताया कि गंगा किनारे के चारों घाट पर बेहतर इंतजाम किए गए हैं। गंगा में गहराई वाले स्थानों का आंकलन कराने के बाद उनके आसपास बैरिकेडिंग कराई गई है। दोनों छोर पर डेढ़ दर्जन नावों को लगाया गया।
प्रत्येक नाव पर नाविक के अलावा दो-दो गोताखोर भी मौजूद रहेंगे। श्रद्धालुओं गहराई वाले स्थानों की ओर जाने से रोका जाएगा। घाट पर मोबाइल टॉयलेट मौजूद रहेगा। महिलाओं को कपड़े बदलने के लिए एक दर्जन चेंजरूम बनाए गए हैं। नगर पंचायत का कैंप कार्यालय भी बनाया गया है।
इसके अलावा पुलिस की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर घाट से लेकर बरेली-मथुरा हाईवे तक पुलिस फोर्स की ड्यूटी लगाई गई है। पीएसी और आसपास थानों के फोर्स भी रहेगा। यातायात सुविधा को लेकर हाईवे पर पुलिस कर्मी नजर रखेंगे। भारी वाहनों का घाट के आसपास प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा। कछला चौकी इंचार्ज भूपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रमुख प्वाइंटों पर ड्यूटी चार्ट के अनुसार पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। श्रद्धालुओं के वाहनों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था की गई है।