बदायूं। शहर में पांच हजार से अधिक ई-रिक्शा संचालित हैं। लाख कोशिशों के बाद भी प्रमुख बाजारों में जाने से ई-रिक्शा पर रोक नहीं लग पा रही। दूसरी ओर नगर पालिका प्रमुख बाजारों में हो रहे अतिक्रमण को भी नहीं हटवा पा रही है। ऐसे में त्योहारी सीजन में दुकानदार व ग्राहक दोनों ही परेशान हो रहे हैं।
शहर के प्रमुख बाजारों में वाहनों का संचालन रोकने के लिए यातायात पुलिस ने कई बार प्लान बनाया, यहां तक कि बाजार में पुलिस बैरियर तक लगा दिए गए, बावजूद इसके ई-रिक्शा, टेंपो व चार पहिया वाहन घुस आ रहे हैं। बृहस्पतिवार को दिन भर शास्त्री चौक, सराफा बाजार, बड़ा बाजार आदि स्थानों पर जाम लगा रहा।
बाजार में पुलिस लाइन में तैनात पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है, जो दिनभर गायब रहते हैं। अगर आते भी हैं तो किसी न किसी दुकान में कुर्सी डालकर बैठे रहते हैं, जबकि आदेश हैं कि जबरन घुसने वाले चालकों पर कार्रवाई की जाए। ऐसा न किए जाने के कारण ई-रिक्शा चालकों के हौसले बुलंद हैं। वहीं नगर पालिका का अतिक्रमण हटाने के लिए भी कोई अभियान नहीं चल रहा है, जिससे लगने वाले जाम से ग्राहक और व्यापारी दोनों ही परेशान हैं।
होली नजदीक है, ऐसे में लोग खरीदारी करने शहर में आ रहे हैं। बाजार तक ई-रिक्शा व टेंपो पर रोक है, लेकिन चालक नहीं मानते। त्योहार पर बाजार जाने में किसी को परेशानी न हो इसके लिए 25 फरवरी से इनके बाजार में घुसने पर रोक लगा दी जाएगी। बाजार में किसी कीमत पर जाम नहीं लगने दिया जाएगा। -आरएल राजपूत, प्रभारी यातायात
जाम की समस्या से निजात के लिए एमएलसी से मिले
बिसौली। नगर में लगातार बढ़ती जाम की समस्या को लेकर भाजपा युवा जिलाध्यक्ष गोविंद स्वरूप पाठक लखनऊ पहुंचकर विधान परिषद के सदस्य वागीश पाठक से मिले। इस दौरान उन्होंने नगर के लिए बाइपास निर्माण की मांग करते हुए मांग पत्र दिया, जिसमें शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और आमजन को हो रही दैनिक परेशानियों का उल्लेख किया गया है। एमएलसी वागीश पाठक ने आश्वासन दिया कि वे शीघ्र ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर समस्या के समाधान के लिए प्रभावी पहल करेंगे। संवाद
बिसौली में बाइपास की समस्या लेकर एमएलसी से मिलते युवा नेता। स्रोत स्वयं
बिसौली में बाइपास की समस्या लेकर एमएलसी से मिलते युवा नेता। स्रोत स्वयं