फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: मेडिकल कॉलेज में खुलेगी दस बेड की कैंसर केयर यूनिट

विज्ञापन
राजकीय मेडिकल कॉलेज बदायूं। संवाद
विज्ञापन
बदायूं। जिले में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों के लिए राहत की खबर है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में 10 बेड की कैंसर केयर यूनिट खुलने जा रही है। विशेषज्ञ चिकित्सकों व आवश्यक स्टाफ की तैनाती के लिए मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर मुख्य चिकित्सा अधिकारी के माध्यम से शासन को भेजा है।
विज्ञापन

मेडिकल कॉलेज परिसर में कैंसर रोगियों के लिए अलग से 10 बेड का विशेष वार्ड तैयार किया जाएगा। इस वार्ड में मरीजों की जांच, उपचार, दवा वितरण, निगरानी और परामर्श की समुचित व्यवस्था रहेगी। आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी योजना बनाई जा रही है, ताकि प्रारंभिक स्तर पर ही मरीजों की पहचान और उपचार संभव हो सके।

जिले में एक भी कैंसर विशेषज्ञ नहीं
वर्तमान में जनपद में एक भी कैंसर रोग विशेषज्ञ की तैनाती नहीं है। यही कारण है कि कैंसर के मरीजों को उपचार के लिए दिल्ली, बरेली और लखनऊ जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह बेहद कठिन साबित होता है। इलाज के साथ-साथ यात्रा, ठहरने और दवाओं का खर्च अलग से उठाना पड़ता है। अधिकारियों का कहना है कि जैसे ही विशेषज्ञ डॉक्टर और प्रशिक्षित स्टाफ उपलब्ध होगा, कैंसर केयर यूनिट तत्काल प्रभाव से शुरू कर दी जाएगी।
विज्ञापन


मरीजों को मिलेगा समय पर उपचार
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, जिले में कैंसर के मामलों में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। यदि स्थानीय स्तर पर उपचार सुविधा उपलब्ध हो जाती है तो मरीजों को समय पर जांच और इलाज मिल सकेगा। इससे बीमारी की गंभीरता कम करने और मृत्यु दर घटाने में मदद मिलेगी। कैंसर केयर यूनिट की स्थापना को जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कैंसर केयर यूनिट की प्रमुख विशेषताएं
10 बेड का अलग समर्पित वार्ड, कैंसर मरीजों के लिए विशेष उपचार सुविधा, विशेषज्ञ डॉक्टरों और प्रशिक्षित स्टाफ की तैनाती प्रस्तावित, शासन स्तर पर स्वीकृति की प्रक्रिया जारी।

राजकीय मेडिकल कॉलेज में कैंसर केयर यूनिट बनाई जानी है। इसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों व पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। - डॉ रामेश्वर मिश्रा, सीएमओ

मेडिकल कॉलेज में दस बेड का कैंसर केयर यूनिट स्थापित किया जाना है। इसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों व प्रशिक्षित कर्मचारियों की डिमांड सीएमओ को पत्र भेजकर की गई है। - प्रोफेसर डॉ. अरुण कुमार, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज


मेडिकल कॉलेज में एनेस्थीसिया
के 5 डॉक्टरों की अस्थायी तैनाती
- डॉक्टरों की कमी से ऑपरेशन हो रहे थे प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
बदायूं। राजकीय मेडिकल कॉलेज में एनेस्थीसिया के डॉक्टरों की कमी के चलते शल्य चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हो रहीं थीं। इसे देखते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अरुण कुमार की पहल पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. रामेश्वर ने पांच अस्थायी एनेस्थीसिया विशेषज्ञ की तैनाती की है। इन डॉक्टरों की तैनाती एक-एक दिन के हिसाब से की जाएगी, ताकि आवश्यक ऑपरेशन कार्य सुचारू रूप से संचालित किए जा सकें और मरीजों को राहत मिल सके।
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि यह व्यवस्था फिलहाल अस्थायी रूप से की गई है, ताकि ऑपरेशन सेवाएं पूरी तरह ठप न हों। साथ ही उच्च स्तर पर स्थायी एनेस्थीसिया डॉक्टरों की तैनाती के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि इस अस्थायी व्यवस्था से मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा और सर्जरी सेवाएं नियमित रहेंगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें