बदायूं। कर्ज तले दबे एक युवक ने मरने से पहले एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। उसने आरोप लगाया है कि शहर के तीन लोगों से कुछ रुपये कर्ज लिए थे। उसका तीन गुना ब्याज देने के बाद भी रुपये की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जा रहा था। मंगलवार को युवक ने तंग आकर विषाक्त पदार्थ खा लिया। बुधवार को इलाज के दौरान बरेली में उसकी मौत हो गई। देर रात बरेली में शव का पोस्टमॉर्टम होने के बाद घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के ढाक वाली ज्यारत के पास रहने वाले सोनू शर्मा (34 साल) पुत्र राजेश शर्मा मजदूरी करके अपना परिवार चलाता था। कुछ महीने पहले उसने शहर के कुछ लोगों से 50 हजार रुपये कर्ज लिया था। आरोप है कि कर्ज से तीन गुना ब्याज वह दे चुका है। इसके बाद भी आरोपी एक लाख रुपये की मांग कर उसको प्रताड़ित करते आ रहे थे।
आरोप है कि युवक को तीन लोगों ने आत्महत्या करने को मजबूर कर दिया। परेशान होकर उसने मंगलवार को विषाक्त पदार्थ खा लिया। इससे पहले उसने होशोहवास में एक वीडियो बनाया, जिसे विषाक्त खाने से पहले उसने सोशल साइड पर वायरल कर दिया। इसमें साफ सुनाई दे रहा है कि उसको इतना परेशान किया जा रहा था कि वह अब आत्महत्या कर रहा है। कहा कि एसएसपी महोदया इस मामले में आप कार्रवाई करना।
पटरी पर फड़ लगाकर परिवार का करता था पालन पोषण
युवक पटरी पर फड़ लगाकर सब्जी बेचता था, जिससे उसके पूरे परिवार का पालन पोषण चल रहा था। उसकी मौत से परिवार दुखी है। परिवार के सामने पेट भरने का संकट खड़ा हो गया है।
बरेली पुलिस ने कराया पोस्टमॉर्टम
निजी अस्पताल में मौत के बाद बरेली पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। इसके बाद परिवार के लोग बुधवार रात करीब नौ बजे शव लेकर घर पहुंचे तो कोहराम मच गया।
अब तक परिवार के लोगों ने कोई शिकायतीपत्र नहीं दिया है। एक वीडियो वायरल हो रहा है, जो मिला है। अगर शिकायतीपत्र मिलता है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी। - रजनीश उपाध्याय, सीओ सिटी
गमगीन बैठी मृतक की पत्नी व बच्चे।संवाद