बदायूं। बर्ड फ्लू के खतरे के बीच दूसरे जिलों से पोल्ट्री उत्पादों और अंडों की आवक पर रोक के बावजूद बगरैन में एक पोल्ट्री फार्म संचालक ने दूसरे जिले से 1000 मुर्गे मंगा लिए। रास्ते में पुलिस ने मुर्गों से भरे वाहन को रोक लिया। सूचना पर पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मुर्गों के सैंपल लिए हैं। फार्म संचालक को नोटिस दिया गया है। उसके यहां मुर्गों की बिक्री पर भी रोक लगा दी गई है। इस बीच बृहस्पतिवार को जिले में पक्षियों के 35 सैंपल लिए गए। म्याऊं में एक पक्षी की मौत का मामला भी सामने आया है।
बर्ड फ्लू के खतरे के बीच जिले में दूसरे जिलों से पोल्ट्री उत्पादों को लाने पर पाबंदी है। जिले में पशु चिकित्सा विभाग की पांच और वन विभाग की चार टीमें लगातार पक्षियों के सैंपल ले रही हैं। बृहस्पतिवार को सात स्थानों से 35 सैंपल लिए गए। इससे पहले 14 जनवरी को सबसे ज्यादा 326 पक्षियों के नमूने जांच के लिए आईवीआरआई भेजे गए थे। 15 जनवरी को 151, 16 जनवरी को 58 और, 17 जनवरी को 67, 18 जनवरी को 80 नमूने जांच को भेजे गए थे। मंगलवार को भी पशु चिकित्सा विभाग और वन विभाग की टीमों 61 और बुधवार को 29 पक्षियों के सैंपल आईवीआरआई भेजे थे। अब तक जिले में कोई पॉजिटिव मामला सामने नहीं आया है। बृहस्पतिवार को जिले में पोल्ट्री फार्मों और अन्य जगहों से क्लोएकल के 19, ओरोफैरिंजीयल के 12 और सीरम के चार सैंपल लिए गए। बिसौली, दातागंज और सहसवान की टीमों ने छह-छह, सदर की टीम ने दस और बिल्सी की टीम ने सात सैंपल लिए।
इस बीच पशु चिकित्सा विभाग की टीम को पता लगा कि बगरैन में एक पोल्ट्री फार्म संचालक ने दूसरे जिले से 1000 मुर्गे मंगाए हैं। टीम ने मौके पर पहुंच कर मुर्गों के सैंपल लिए। पोल्ट्री फार्म संचालक को नोटिस देने के साथ रिपोर्ट आने तक मुर्गों की बिक्री पर रोक लगा दी है। वहीं म्याऊं में धर्मकांटा के पास एक पक्षी की मौत का मामला सामने आया है। यह पक्षी किसी हादसे में मरने की बात कही जा रही है।
बृहस्पतिवार को जिले में 35 पक्षियों के सैंपल लिए गए हैं। बगरैन में दूसरे जिले से मुर्गे मंगाने के मामले में पोल्ट्री फार्म संचालक को नोटिस दिया गया है। उसके यहां मुर्गों की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। यहां से भी मुर्गों के सैंपल जांच के लिए आईवीआरआई भेजे गए हैं। म्याऊं में पक्षी की मौत कोई हादसा है।
- डॉ. एके जादौन, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी