अलापुर। एमएफ हाईवे पर कंचनपुर गांव के पास शहर निवासी एक देशी घी के व्यापारी का शव उसी की कार में पड़ा मिला है। बृहस्पतिवार की शाम अलापुर थाना क्षेत्र में हुई इस घटना के बाद पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में व्यापारी की कार में पुलिस को एक नाइट्रोजन सिलिंडर मिला है। वहीं व्यापारी की पैंट की जेब में सल्फास की गोलियां एक डिब्बी में मिली है। कार से काफी दुर्गंध भी आ रही थी।
मृतक की पहचान सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला ब्राह्मपुरा के अमन (30) पुत्र बाबूराम के रूप में हुई। युवक देशी घी का व्यापार किया करता था। वह बृहस्पतिवार को घी के कारोबार के लिए अलापुर थाना क्षेत्र के किसी गांव में कार से गया था। शाम करीब 6:30 बजे पुलिस को सूचना मिली कि एमएफ हाईवे पर गांव कंचनपुर के पास एक कार खड़ी है, उसमें एक युवक का शव दिख रहा है।
सूचना मिलने ही इंस्पेक्टर माधोसिंह बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। युवक को देखा तो उसकी जेब से सल्फास की डिब्बी और मोबाइल फोन मिला। पुलिस ने फोन से परिवार के लोगों को सूचना दी जिसके बाद परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। उसको लेकर जिला अस्पताल आए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। परिवार के लोग उसे जिंदा समझकर निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां भी मृत बताया गया।
पॉलिथीन से बंधा मिला मुंह
परिजनों ने बताया कि अमन देशी घी का व्यापार करता था। सल्फास खिलाकर उसकी हत्या की गई है। उसका मुंह पॉलिथीन से बंधा मिला है। कार में एक नाइट्रोजन सिलिंडर भी मिला है। घटना की जानकारी पर परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।
अलापुर क्षेत्र में कार में एक युवक का शव मिला है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है, जो भी तथ्य सामने आएंगे व परिवार के लोग जो तहरीर देंगे उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। - केके तिवारी, सीओ दातागंज
व्यापारी की मौत के बाद उसका शव जिला अस्पताल पहुंचने पर जांच करती पुलिस व लगी भीड़। स्रोत- पुलिस
व्यापारी की मौत के बाद उसका शव जिला अस्पताल पहुंचने पर जांच करती पुलिस व लगी भीड़। स्रोत- पुलिस