छात्रसंघ चुनाव बहाली का दिया संकेत
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि आज भारत विश्व का सबसे युवा राष्ट्र है। ऐसे समय में विद्यार्थियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्रवादी भावना को सदैव जीवंत रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अत्यधिक मोबाइल उपयोग युवाओं को प्रभावित कर रहा है, इसलिए स्क्रीन टाइम कम करने की आवश्यकता है। उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह छात्रसंघ चुनाव बहाली के पक्षधर हैं। उन्होंने कहा कि छात्र राजनीति ने उन्हें पहचान दी और लखनऊ विश्वविद्यालय से मिले अनुभवों को वह कभी नहीं भूल सकते। दिल्ली विश्वविद्यालय में हर वर्ष एबीवीपी की सफलता यह दर्शाती है कि भारत की छात्रशक्ति राष्ट्रवाद के साथ खड़ी है।
सौरभ सेंगर को पुनः प्रांत अध्यक्ष बनाया
अधिवेशन के सबसे महत्वपूर्ण सत्र में संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा की गई। सर्वसम्मति से शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए प्रो. सौरभ सेंगर को पुनः प्रांत अध्यक्ष एवं आनंद कठेरिया को प्रांत मंत्री निर्वाचित किया गया। चुनाव अधिकारी द्वारा घोषणा होते ही पूरा परिसर 'छात्र शक्ति–राष्ट्र शक्ति' के नारों से गूंज उठा। कार्यकर्ताओं ने नव-निर्वाचित दायित्वधारियों का उत्साहपूर्वक गत किया।
बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार की कड़ी निंदा
केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य डॉ. निधि बहुगुणा ने पड़ोसी देश बांग्लादेश में हिंदुओं एवं अल्पसंख्यकों पर हो रहे अत्याचारों का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि मानवाधिकारों की रक्षा वैश्विक चिंता का विषय है और भारत के युवाओं को इसके प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने आपातकाल के काले दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक विद्यार्थी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी केवल कल का नहीं बल्कि आज का नागरिक होता है।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
इस अवसर पर सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, हरिप्रसाद सिंह पटेल, एसएसपी बृजेश कुमार सिंह, क्षेत्रीय संगठन मंत्री मनोज नीखरा, विपिन गुप्ता, मंत्री अंशुल श्रीवास्तव, अनुज ठाकुर, अंकित पटेल, सत्यम मिश्रा, विजयपाल सोलंकी,हरिमोहन सिंह, आशीषदेव मिश्रा सहित 16 जिलों से आई बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व कार्यकर्ता मौजूद रहे।