जर्जर पोल को लेकर हाईवे किनारे प्रदर्शन करते लोग। संवाद
बिल्सी। बिजनौर-बदायूं हाईवे पर स्थित मोहल्ला एक की कस्सार कॉलोनी में बिजली का खंभा जर्जर हैं। इसे बदलवाने की मांग करते हुए बुधवार को लोगों ने हाईवे पर एकत्र होकर अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया।
कॉलोनी निवासी सोनू यादव ने बताया पिछले दो महीने से बिजली का जर्जर खंभा बदलवाने के लिए विद्युत निगम के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। बावजूद इसके किसी भी अधिकारी ने भी इस ओर ध्यान नहीं दिया है। चेतन यादव ने बताया कि जर्जर खंभा कभी भी धराशायी हो सकता है।
अजय कुमार ने बताया इस समय सावन मास चल रहा है, कांवड़ियों का आवागमन इसी मार्ग से होता है। इसके बावजूद विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे है। एसडीओ जेपी सिंह ने बताया कि कुछ लोगों ने शिकायत की है,जल्द ही खंभा बदल दिया जाएगा।