संघटक राजकीय महाविद्यालय को जाने वाला कच्चा मार्ग। स्रोत ग्रामीण
बदायूं। सहसवान-मेरठ हाईवे से राजकीय संघटक महाविद्यालय तक जाने वाले करीब तीन किलोमीटर मार्ग के निर्माण की मांग तेज हो गई है। मार्ग का बड़ा हिस्सा कच्चा और जर्जर होने के कारण बरसात में जलभराव व कीचड़ की समस्या और बढ़ जाती है। इससे महाविद्यालय आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं के साथ प्राचार्य, शिक्षक और कर्मचारियों को भी परेशानी होती है।
संगठक राजकीय महाविद्यालय को जाने वाले रोड पर बरसात में पानी और कीचड़ भरने से पैदल चलने के साथ दोपहिया वाहनों से निकलना भी मुश्किल हो जाता है। इससे विद्यार्थियों को समय पर महाविद्यालय पहुंचने में दिक्कत होती है। तिलक सिंह ने संबंधित विभाग से मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कराकर निर्माण और डामरीकरण की स्वीकृति देने की मांग की है।
उनका कहना है कि सड़क बनने से विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों के आवागमन के साथ ग्रामीणों को बाजार, शिक्षण संस्थानों और अन्य जरूरी सेवाओं तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। सामाजिक कार्यकर्ता तिलक सिंह की ओर से मार्ग निर्माण को लेकर पहले भी संबंधित अधिकारियों और शासन स्तर पर मांग उठाई जा चुकी है। स्थायी समाधान न होने पर उन्होंने 27 सितंबर को प्रधानमंत्री कार्यालय को फिर से पत्राचार किया है।
-
लगभग तीन किमी की इस सड़क को बनाने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है। शासन से स्वीकृति का इंतजार है। स्वीकृति मिलने के बाद में काम शुरू कराया जाएगा। -देवपाल सिंह, एक्सईएन लोक निर्माण विभाग