बिल्सी तहसील में प्रदर्शन करते ब्राह्मण समाज के लोग। संवाद
बिल्सी। बिहार में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर बुधवार को तहसील मुख्यालय पर ब्राह्मण समाज के बैनर तले विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने बिहार पुलिस एवं प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी राजेश कुमार सिंह को सौंपा और मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई।
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे ब्राह्मण समाज के प्रमुख सदस्य दीपक दीक्षित ने कहा कि भरत तिवारी का एनकाउंटर कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मुठभेड़ संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, जिसकी निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरे प्रकरण की सीबीआई से जांच कराई जानी चाहिए।
डा. संजीव तिवारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच नहीं होगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जाएगी, तब तक समाज का आक्रोश जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में न्याय सर्वोपरि है और किसी भी घटना की सच्चाई सामने आना आवश्यक है।
तहसील मुख्यालय पर हुए प्रदर्शन में केवल ब्राह्मण समाज ही नहीं, बल्कि सर्वसमाज के लोगों ने भी भागीदारी की। प्रदर्शनकारियों ने एक स्वर में पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग करते हुए प्रशासन से उचित कार्रवाई की अपेक्षा जताई। ज्ञापन सौंपने के दौरान संजीव तिवारी, अक्षय पंडित, सुदीप चौहान, अतुल शर्मा, आशीष शर्मा, मुकेश शर्मा, अनिल उपाध्याय, विनीत उपाध्याय आदि उपस्थित रहे।