उझानी। शादी के तीन साल बाद दहेज में कार की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। आरोपियों ने एक साल की मासूम बच्ची को भी नहीं बख्शा। पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव धौरेरा निवासी लटूरी ने बेटी सुनीता की शादी करीब तीन साल पहले एटा जिले में जैतरा थाना क्षेत्र के गांव साकीपुर निवासी अवनीश से की थी। सुनीता ने बताया कि शादी के बाद उन्होंने एक बेटी को जन्म दिया। बेटी के जन्म होने के बाद पति समेत ससुराल पक्ष के लोग दहेज में कार की मांग करने लगे, जबकि शादी में पिता ने करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे।
आरोप है कि करीब दो महीना पहले पति समेत ससुरालियों ने सुनीता की पिटाई की। उनकी एक साल की मासूम बेटी डौली के साथ उन्हें घर से निकाल दिया। रात में सुनीता अपने बेटी के साथ मायके आई और परिजनों को पूरी घटना से अवगत कराया। सुनीता ने पुलिस को यह भी बताया कि परिजनों समेत रिश्तेदारों ने आरोपियों को समझाने की कोशिश भी की, लेकिन वह नहीं माने। पुलिस ने सुनीता की शिकायत पर पति अवनीश, उसके पिता अशोक, सास फूलन देवी, ननद अंजलि, सपना और रवीना के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इंस्पेक्टर प्रवीर कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है। तथ्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।