बदायूं। सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंची। यहां अधिकारियों से मुलाकात कर दुष्कर्म एवं जमीन हड़पने के आरोप में फंसे बिल्सी विधायक समेत 16 आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
वहीं, आरोप लगाया कि विवेचक सिविल लाइंस इंस्पेक्टर मनोज कुमार विधायक के करीबी हैं। इस वजह से इंस्पेक्टर विवेचना को लंबित रखे हुए हैं।
21 दिसंबर को कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइंस थाने में बिल्सी से भाजपा विधायक हरीश शाक्य समेत 16 लोगों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म एवं 16 करोड़ रुपये की संपत्ति हड़पने के आरोप में मुकदमा दर्ज हुआ था। मुकदमे में उझानी के व्यापारी मनोज गोयल, विधायक के लेखपाल भाई सतेंद्र शाक्य समेत 16 आरोपी बनाए गए हैं। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस पीड़िता के बयान करा चुकी है, लेकिन इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मंगलवार को पीड़िता परिवार के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची। यहां पीड़िता ने एसएसपी से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पीड़िता ने एसएसपी को सौंपे प्रार्थना पत्र में बताया कि मुकदमे के विवेचक आरोपियों से मिले हुए हैं। विवेचक पहले उझानी कोतवाली में इंस्पेक्टर रहे हैं। आरोप है कि विवेचक विधायक के इशारे पर काम कर रहे हैं। परिवार के लोगों को भी प्रताड़ित किया गया था। पीड़िता ने एसएसपी से आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। संवाद