बदायूं। डीएलएड प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा सीसी कैमरों की निगरानी में आयोजित की जाएगी। परीक्षा केंद्र में मौजूद पर्यवेक्षक और केंद्राध्यक्ष स्मार्टफोन लेकर प्रवेश नहीं कर पाएंगे। उन्हें केवल कीपैड वाले मोबाइल फोन ही साथ ले जाने की अनुमति दी गई है। ताकि आवश्यकता पर उनसे संपर्क किया जा सके।
परीक्षा केंद्र के रूप में इस बार श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज को चुना गया है। यहां कुल 514 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा 27 अक्टूबर से शुरू होगी और निर्धारित समयानुसार पूरी की जाएगी। परीक्षा केंद्र में सभी इंतजाम पहले से किए जा चुके हैं और सेंटर को परीक्षार्थियों के लिए सुविधाजनक बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
परीक्षा नियंत्रक कार्यालय ने बताया कि परीक्षा में सुरक्षा और अनुशासन सर्वोपरि रहेगा। केंद्र पर आने वाले सभी परीक्षार्थियों की गेट पर गहन तलाशी ली जाएगी। उसके बाद कक्ष में प्रवेश दिया जाएगा।
इसके अलावा सभी को समय से पहले केंद्र पहुंचने और निर्धारित नियमों का पालन करने की सलाह दी गई है। परीक्षा के सफल संचालन के लिए केंद्र में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गईं हैं। डायट प्राचार्य गिरजेश कुमार चौधरी ने सभी को निर्देशित किया है कि नियमानुसार की काम किए जाए। वहीं, उड़नदस्ता में परीक्षा के दौरान सक्रिय रहेगा।