मोहम्मदपुर मानवरहित क्रॉसिंग पर चल रहे विवाद में बुधवार को कोई न कोई निष्कर्ष सामने आ सकता है। ग्रामीण जिला और रेल अफसर की ओर से दिए गए विकल्प पर चर्चा ककरे निर्णय लेंगे। प्रशासन भी गांव वालों के जवाब का इंतजार कर रहा है।
गौरतलब है कि मोहम्मदपुर-बिहार रेलवे क्रॉसिंग को लेकर शनिवार को बिनावर थाने में रेल और जिला प्रशासनके अफसरों की बैठक हुई थी। इसमें सौ से अधिक संख्या में ग्रामीण भी आए थे। बैठक में दिए गए प्रपोजल पर ग्रामीणों ने सिरे से नकारते हुए फाटक बंद न किए जाने की बात रखी। करीब दो घंटे बाद इस पर मंथन करने पर राजी हो गए। बुधवार को वह इस पर वार्ता करेंगे और जिला प्रशासन के सामने रखेंगे। ग्रामीण बताते हैं कि पिछली बैठक में फाटक बंद करके करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर रास्ता देने की बात की गई थी। जिसका विरोध किया गया था। बताते हैं कि इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। घूमकर जाने में दूरी से खासकर पढ़ने वाले बच्चों को दिक्कतें होंगी। ग्रामीणों ने बताया कि बैठक में अंडरपास की बात रखी गई थी। आज इसपर वार्ता की जाएगी। एसडीएम सदर प्रदीप यादव ने बताया कि ग्रामीणों ने चार फरवरी को बैठक कर निर्णय लेते हुए बताने की बात कही थी। उनके सामने विकल्प दिया गया है। अब वह क्या निर्णय लेते हैं, यह देखना होगा।
00
ब्रॉडगेज के काम में तेजी, आज भी निकली मालगाड़ी
बदायूं। ब्रॉडगेज का काम तेजी से पूरा कराया जा रहा है। सिंग्नल, ट्रैक का काम लगभग पूरा हो चुका है। इंजन ट्रॉयल के बाद पटरियों के बीच डाले जा रहे पत्थर भी मालगाड़ी से लाए गए। इसके अलावा समपार पर मरम्मत कार्य लगभग पूरे किए जा चुके हैं। मंगलवार को भी मालगाड़ी ब्रॉडगेज ट्रैक पर दौड़ती नजर आई।