बिल्सी (बदायूं)। थाना क्षेत्र के ग्राम सिरासोल सीताराम पट्टी में बुधवार को कोल्ड स्टोर के पल्लेदार की करंट लगने से मौत हो गई। इस संबंध में पुलिस को सूचना नहीं दी गई है।
ग्राम सिरासौल सीताराम पट्टी निवासी सराकत (28) पुत्र शराफत हुसैन गांव के ही निकट स्थित एक कोल्ड स्टोर में आलू की पल्लेदारी करता था। मंगलवार शाम वह काम करने के बाद घर आ गया था। बताते हैं कि घर पर उसके अलावा और कोई नहीं रहता है। बुधवार सुबह कुछ साथी उसे काम करने के लिए बुलाने पहुंचे थे। काफी देर तक आवाज लगाने के बावजूद सराकत घर के बाहर निकल कर नहीं आया। इस पर उसके घर के बाहर काफी लोग एकत्र हो गए। तब लोगों ने अंदर जाकर देखा कि सराकत के ऊपर बिजली का तार पड़ा था। करंट लगने से उसकी मौत हो चुकी थी। गांव के लोगों ने उसके रिश्तेदारों को सूचना दे दी है।