बिनावर (बदायूं)। क्षेत्र के ग्राम पुठी सराय में बुधवार को चचेरे-तहेरे भाइयों के बीच हुए विवाद के दौरान एक बुजुर्ग की जान चली गई। परिवारवालों ने ईंट मारकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया था, लेकिन पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह बीमारी बताई गई है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रोटा निवासी रेखपाल उर्फ डब्बू सिंह (80) की बेटी विंदेशा का ब्याह पुठी सराय निवासी इतेंद्र से हुआ है। रेखपाल काफी समय से बीमार थे। लिहाजा वह अपनी बेटी के घर आ गए थे। दामाद ही उनका इलाज करा रहे थे। बताते हैं कि बुधवार को इतेंद्र का अपने चचेरे भाइयों से जमीन को लेकर विवाद हो गया। उनके बीच गाली-गलौज और मारपीट हो गई। इतेंद्र का आरोप है कि दूसरे पक्ष ने उसके घर में ईंट पत्थर फेंके जो घर के आंगन में लेटे रेखपाल को लगे। ईंट लगने से रेखपाल की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी गांव से भाग गए। इतेंद्र की सूचना पर पुलिस पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। दोपहर के समय उनका पोस्टमार्टम हुआ। इसकी रिपोर्ट में मृत्यु का कारण बीमारी बताया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवारवालों को सौंप दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में पाया गया कि बुजुर्ग के फेफड़ों में पस भरा था। इसी कारण उसकी मौत हुई। इस मामले में अभी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
बुजुर्ग के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। उसकी मौत बीमारी से बताई गई है, जिसके आधार पर ही कोई कार्रवाई होगी। अभी हमारे पास कोई तहरीर नहीं आई है।
हरिभान सिंह राठौड़, एसओ बिनावर