दातागंज। हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव चंगासी में श्रीमद्भागवत कथा के समापन पर आयोजित भंडारे के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित रामकिशोर ने बताया कि दो फरवरी को गांव में श्रीमद्भागवत कथा के समापन के बाद भंडारा चल रहा था। इसी दौरान करीब तीन साल पुराने विवाद को लेकर गांव के ही रामभरोसे, हरजीत, प्रदीप और कल्लू ने उनके भाई नरेश को घेर लिया।
बताया कि कल्लू के हाथ में तमंचा था, जबकि हरजीत लोहे के पाइप से लैस था। प्रदीप के हाथ में लाठी थी। पांचों लोगों ने नरेश की बेरहमी से पिटाई की, जिससे उसके शरीर पर काफी खुली और गुम चोटें आई हैं। शोर सुनकर मौके पर भीड़ जुटने के कारण हमलावर यह कहते हुए भाग निकले कि इस बार तो बच गया, अगली बार जान से मार देंगे। घायल के इलाज कराने के बाद शिकायती पत्र पुलिस को दिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।