बगरैन (बदायूं)। वजीरगंज थाना क्षेत्र के बगरैन में बुधवार रात ब्लॉक प्रमुख प्रत्याशी गुड्डो देवी के कोल्ड स्टोर के टैंक में एक युवक की लाश मिली। मौके से उसके कपड़े और मोबाइल गायब मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बृहस्पतिवार दोपहर युवक के शव का पोस्टमार्टम कराया। उसकी मौत की वजह पानी में डूबने से बताई गई है। इस संबंध में पुलिस ने थाने बुलाकर एक युवक से पूछताछ शुरू की है।
थाना क्षेत्र के गांव रानी की गौंटिया निवासी सतेंद्र (35) पुत्र उदयवीर मंगलवार से लापता थे। परिवारवाले उन्हें लगातार तलाश कर रहे थे लेकिन सतेंद्र का कुछ पता नहीं चला। बावजूद परिवारवाले उनकी खोजबीन कर रहे थे। बुधवार रात एक युवक सतेंद्र का कुछ सामान लेकर उनके घर पहुंचा था। तब परिवारवालों ने उससे सतेंद्र के बारे में पूछा था। उसने कहा था कि सतेंद्र और कुछ लड़के गुड्डो देवी के कोल्ड स्टोर में बने टैंक में नहाने गए थे। वह मौके से चले आए थे लेकिन सतेंद्र वहीं रह गए थे। इस पर परिवारवाले बुधवार देर रात पुलिस के साथ कोल्ड स्टोर में पहुंचे। जहां सतेंद्र की लाश टैंक में पड़ी मिली। पुलिस ने लोगों की मदद से सतेंद्र के शव को बाहर निकलवाया। मौके पर उसके कपड़े और मोबाइल नहीं मिला। पुलिस ने उस समय युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इधर, बृहस्पतिवार दोपहर युवक के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह पानी में डूबने से बताई गई। इससे पुलिस प्रथम दृष्टतया मामले को हादसा मान रही है। इसके बावजूद यह समझ नहीं आ रहा कि तीनों साथियों ने घटना की बात आखिर क्यों छिपा रखी थी। पुलिस ने एक युवक को थाने में बुलाकर बैठा लिया है। अभी उससे पूछताछ चल रही है। इस संबंध में परिवारवालों ने कोई तहरीर नहीं दी है।
- बुधवार रात युवक का शव कोल्ड स्टोर के टैंक में पड़ा मिला। इस संबंध में कई लोगों से जानकारी ली गई। सबने बताया कि युवक नहाने गया था। उन्होंने वहीं शराब भी पी थी। उसके शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। उसमें भी मौत की वजह डूबने से बताई गई है। फिर भी सारे तथ्यों पर जांच करा रहे हैं। - संकल्प शर्मा, एसएसपी
पता लगा कि पड़ोसी गांव के चार लड़के कोल्ड स्टोर के कूलिंग टैंक में नहाने गए थे। बाद में इनमें से तीन ने चौथे के घर जाकर उसके गायब होने की सूचना दी। फिर परिवार के साथ पुलिस ने टैंक से शव बरामद कर लिया। जो घटनाक्रम हुआ, उसके बारे में तीनों साथियों को ही सही जानकारी होगी। पुलिस पड़ताल करे और दोषियों पर कार्रवाई हो। - शिवम सिंह, गुड्डो देवी के पति