बदायूं। खेड़ा नवादा इलाके में बरातियों को पुलिस से उलझना महंगा पड़ गया। पुलिस ने दूल्हा और उसके पिता समेत 12 अज्ञात बरातियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है, जबकि मौके से पकड़ा गया दूल्हे का मौसेरा भाई मंगलवार दोपहर जेल भेज दिया गया।
सिविल लाइंस क्षेत्र में खेड़ा नवादा में सोमवार रात ब्रह्मपुर मोहल्ले से बरात आई थी। सभी बराती खेड़ा नवादा पुलिस चौकी के नजदीक बीच सड़क पर डांस कर रहे थे। रास्ता छोड़ने के लिए एक ट्रक चालक ने हार्न बजाया था कि बरातियों ने चालक को नीचे उतार लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। इसकी सूचना पर पहुंचे खेड़ा नवादा चौकी इंचार्ज अनूप सिंह के साथ भी बरातियों ने अभद्रता और खींचतान कर दी। उसी दौरान डीएम कुमार प्रशांत और एसएसपी संकल्प शर्मा उधर से निकल रहे थे। उन्होंने भी बरात में शामिल लोगों को समझाने की कोशिश, लेकिन शराब के नशे में बरातियों ने उनके साथ भी अभद्रता करने की कोशिश की और पीछे से उनकी गाड़ी थपथपाने लगे पुलिस ने दूल्हे के मौसेरे भाई अर्जुन को मौके से गिरफ्तार कर लिया था। जबकि अन्य बरातियों को महिलाएं छुड़ाकर ले गईं।
बताते हैं कि इस मामले में चौकी इंचार्ज अनूप सिंह ने देर रात दूल्हे के मौसेरे भाई अर्जुन निवासी बारादरी बरेली और दूल्हा, उसके पिता समेत 12 अज्ञात के खिलाफ धारा 147, 332, 353, 323, 504 एवं आईपीसी के तहत एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपी अर्जुन को मंगलवार दोपहर जेल भेज दिया है। पुलिस अन्य बरातियों का पता लगा रही है। इंस्पेक्टर सुधाकर पांडेय ने बताया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी को जेल भेज दिया गया है।