दास कॉलेज में 15 दिनों के बाद शुरू हुईं कक्षाएं
- फोटो : अमर उजाला
बनने लगा दास कालेज में पढ़ाई का माहौल
कई दिनों तक एनएमएसएन दास डिग्री कालेज में उत्पन्न भय का वातावरण अब दूर होने लगा है। करीब 15 दिनों के बाद मंगलवार को कालेज में विधिवत रूप से सभी कक्षाएं संचालित हुईं। शिक्षकों और स्टूडेंट्स भी पढने और पढ़ाने में लगे रहे।
बीते एक पखबाड़े से दास कालेज में जो माहौल था वैसा शायद पहले कभी नहीं रहा था। आलम यह था कि बाहरी तत्व किस समय आकर कालेज में गदर कर दें कुछ पता नहीं था। सो स्टूडेंट्स और कालेज का स्टाफ खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा था। वजह थी कि बाहरी तत्वों द्वारा शिक्षकों से हाथापाई भी की गई थी और छात्राओं से छेड़छाड़। कई बार पुलिस को मौके पर पहुंचकर हस्तक्षेप करना पड़ा था। चूंकि हंगामा करने वाले सत्तापक्ष से जुड़े थे इसलिए पुलिस और प्रशासन भी उनके खिलाफ कोई कठोर एक्शन नहीं ले रहा था। इसके विरोध में कालेज के शिक्षकों ने एक दिन की हड़ताल भी रखी थी और धरना देकर प्रशासन को चेताया था यदि उनकी सुरक्षा के प्रति उसने कोई जल्द सार्थक कदम नहीं उठाया तो वह बेमियादी शिक्षण कार्य ठप करने को मजबूर होंगे। कालेज में हो रही गुंडागर्दी के विरोध में कई छात्र संगठन भी सड़कों पर उतर आए थे। उन्होंने कालेज प्रशासन के साथ कंधे से कंधा मिलाकर साथ रहने की बात कहीं थी। तब यह लगने लगा था कि कहीं टकराव न हो जाए। अब कालेज में दो-तीन दिन से माहौल शांत है। मंगलवार को कालेज में सभी कक्षाएं विधिवत रूप से संचालित हुईं।
-----
हमारा उद्देश्य सिर्फ बच्चों को बेहतर शिक्षा देना है। इसके लिए शुरु से ही कालेज प्रशासन गंभीर है। कालेज में शैक्षिक माहौल बनाने के लिए सभी तरह के कदम उठाए जा रहे हैं।
-डॉ.जीएस रावत, प्राचार्य एनएमएसएन दास डिग्री कालेज बदायूं