फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Budaun News: समितियों पर रखी रही डीएपी, स्टॉक अपडेट न होने से नहीं हुआ वितरण

विज्ञापन
रिसौली के सहकारी समिति पर डीएपी लेने को लगी ग्रामीणों की भीड़। संवाद
विज्ञापन
बदायूं। जिले में डीएपी के एक-एक कट्टे को लेकर किसान परेशान हैं। 67 समितियों पर डीएपी होने के बाद भी शुक्रवार को किसान एक-एक कट्टा खाद पाने के लिए तरसते रहे। समितियों के सचिव का तर्क था कि मशीन में स्टॉक अपडेट नहीं हो सका है, इसलिए वितरण नहीं किया जा सका। हालांकि जहां स्टॉक अपडेट हो गया था, वहां डीएपी का वितरण किया गया।
विज्ञापन

जिले में आलू और गेहूं बोवाई के सीजन की शुरूआत से लेकर अंत तक किसान डीएपी के लिए भटक रहे हैं। मजबूरी में किसान महंगे दामों पर प्राइवेट दुकानों से डीएपी खरीद रहे हैं। किसान हरप्रसाद, किशनवीर, श्याम सिंह आदि का कहना है कि कालाबाजारी की शिकायत अगर विभाग से करें तो विभाग लिखित में शिकायत मांगता है। उसके बाद में गवाही के लिए बार-बार बुलाता है। इसमें सिवाय परेशान होने के और कुछ नहीं होता। उस दिन की दहाड़ी भी मारी जाती है। ऐसे में मजबूरी में महंगे दामों पर कट्टा लेकर खेतों में खाद लगा रहे हैं।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक, बृहस्पतिवार को 990 मीट्रिक टन डीएपी आ गई थी, जिसे 67 समितियों में बांट दिया गया है। दावा था कि शुक्रवार सुबह से डीएपी का वितरण शुरू हो जाएगा। उम्मीद थी कि सुबह 10 बजे से डीएपी मिलनी शुरू हो जाएगी, लेकिन दोपहर बाद भी ऐसा नहीं हुआ।
विज्ञापन

समितियों पर तैनात सचिवों का कहना है कि मशीन में स्टॉक अभी अपडेट नहीं हो सका है। ऐसे में डीएपी होने के बावजूद वितरण संभव नहीं हो सका। वहीं कुछ समितियों पर वितरण किया गया है। अब शनिवार को डीएपी वितरण की उम्मीद जताई जा रही है।

बृहस्पतिवार को डीएपी मिल गई थी। उनका वितरण समितियों पर करा दिया गया है। मशीनों पर डीडी नंबर अपडेट नहीं हो सके हैं, जिसकी वजह से समितियों में खाद का वितरण नहीं हो सका। शनिवार को खाद का वितरण किया जाएगा। -महेंद्र सिंह, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक

म्याऊं और रिसौली में बंटी खाद
म्याऊं। साधन सहकारी समिति पर बृहस्पतिवार को 250 कट्टे डीएपी के आए थे। शुक्रवार दोपहर बाद में समिति पर डीएपी का वितरण शुरू किया गया है। शाम तक केवल 150 कट्टों का ही वितरण हो सका। बाकी किसान जो लाइन में लगे थे वह बिना कट्टा लिए ही लौट गए। रिसौली में बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड में 660 डीएपी के कट्टे वितरण के लिए पहुंचे थे। समिति पर तैनात लेखपाल विनोद, सचिव रावेंद्र शर्मा, सभापति मंगली राम शर्मा की मौजूदगी में किसानों को डीएपी का वितरण किया गया। संवाद

रिसौली के सहकारी समिति पर डीएपी लेने को लगी ग्रामीणों की भीड़। संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें