बदायूं। कोरोना टीकाकरण शुरू हुए छह महीने से ज्यादा वक्त बीत चुका है। टीकाकरण को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ रही है लेकिन हालात संतोषजनक नहीं हैं। टीकाकरण केंद्रों पर पहले टीके के लिए तो लोगों की लाइन लग रही है, लेकिन दूसरे टीके को लेकर लोग जागरूक नहीं है। हालात यह हैं कि जिले में करीब 20 फीसदी लोगों ने कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लेने के बाद दूसरी डोज नहीं लगवाई।
जिले में कोविशील्ड और कोवैक्सीन का इस्तेमाल हो रहा है। जिले में 16 जनवरी को टीकाकरण शुरू हुआ है। गौर करने वाली बात यह है कि अब तक कुल 4,54,911 लोगों को टीका लगाया जा चुका है लेकिन दूसरी डोज की बात करें तो अब तक सिर्फ 74,937 लोगों ने दूसरी डोज लगवाई है। जिले में अब तक हुए टीकाकरण पर गौर करें तो वैक्सीन की पहली डोज लेने के बाद दूसरी डोज की मियाद पूरी होने के बाद भी लोग वैक्सीन नहीं लगवा रहे। कोवैक्सीन के मामले में दूसरी डोज 28 से 42 और कोविशील्ड में दूसरी डोज 42 से 84 दिन में लेना जरूरी है। तय समय में दूसरी डोज न लेने पर वैक्सीनेशन निष्प्रभावी होने का खतरा रहता है।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से ऐसे लोगों को सूचना भी दी जा रही है, इसके बाद भी लोग दूसरी डोज के लिए आगे नहीं आ रहे। कोरोना की तीसरी लहर से पहले सरकार ज्यादा से ज्यादा लोगों का टीकाकरण करना चाहती है। इसके लिए एक जुलाई से क्लस्टर टीकाकरण भी शुरू किया गया है।
जिले में कुल टीकाकरण- 4,54,911
पहली टीका लगा- 3,84,052
दूसरा टीका लगा- 74,937
वर्ष 18 से 44 तक टीके लगे-1,63,525
वर्ष 45 से 60 तक टीके लगे-1,55,281
वर्ष 60 से ज्यादा के टीके- 1,36,105
कुल महिलाएं- 2,04,652
कुल पुरुष- 2,50,159
पिछले सात दिन में टीके- 43,855
पहले टीके को लेकर उत्सुकता, दूसरे में लापरवाही पड़ेगी भारी
लोगों में पहले टीके को लेकर तो काफी उत्सुकता दिख रही है। टीकाकरण केंद्रों पर भीड़ उमड़ने के कारण कई बार वैक्सीन की किल्लत पैदा हो रही है। ऐसे में लोगों को बिना टीका लगवाए ही वापस होना पड़ रहा है। पहला टीका लगवाने के बाद लोग सोशल मीडिया पर फोटो भी पोस्ट कर रहे हैं, लेकिन दूसरे टीके को लेकर लापरवाही भी बरत रहे हैं। जानकारों का कहना है कि समय से दूसरा टीका न लगवाने पर वैक्सीनेशन निष्प्रभावी हो सकता है। जिले में कुल टीकाकरण के सापेक्ष 20 प्रतिशत ऐसे लोग हैं जिन्होंने समय से दूसरा टीका लगवाया ही नहीं है।
कोरोना गाइड लाइन को लेकर भी लोग लापरवाह
कोरोना गाइडलाइन को लेकर भी लोग लापरवाह हो गए हैं। मास्क का इस्तेमाल तो लोग भूल ही गए हैं। हाथ धोना हो या फिर सामाजिक दूरी का पालन, इसमें भी घोर लापरवाही हो रही है। बता दें कि दूसरी लहर में जिले में संक्रमितों की संख्या 12 हजार तक पहुंच गई थी। 150 लोगों की जान भी गई। हालांकि सरकारी आंकड़े काफी कम है।
कोरोना टीकाकरण में दूसरा टीका लगवाने में लोग लापरवाही बरत रहे हैं। हालात चिंताजनक हैं। अब तक जिले में कुल 4,54,911 लोगों ने टीका लगवाया है। दूसरा टीका सिर्फ 74,937 लोगों ने ही लगवाया है। कोविशील्ड वैक्सीन में दूसरा टीका 84 और कोवैक्सीन में अधिकतम 42 दिन में लगवाना जरूरी है। ऐसा न होने पर टीकाकरण निष्प्रभावी होने का खतरा है।
- डॉ. मोहम्मद असलम, एसीएमओ/नोडल अधिकारी टीकाकरण