सेटाखेड़ा से हरदासपुर तक ढाई किलोमीटर रास्ता सबसे खराब, दो-दो फुट तक गहरे गड्ढे
संवाद न्यूज एजेंसी
दबतोरी (बदायूं)। जिले के आसफपुर ब्लॉक क्षेत्र में एक ऐसा मार्ग भी है जो पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुका है। स्थिति इतनी खराब है कि रविवार को हुई बारिश से यह मार्ग पूरी तरह बंद हो गया है। ऐसे में कई गांवों के लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
आसफपुर ब्लॉक क्षेत्र में दबतोरी-आसफपुर मार्ग कई साल से क्षतिग्रस्त है। इसमें भी करीब ढाई किलोमीटर लंबा सेटाखेड़ा से हरदासपुर गांव तक मार्ग सबसे खराब है। यहां कई जगह दो-दो फुट तक के गहरे गड्ढे हैं। ऐसे में यहां निकलने में एक घंटा तक लग जाता है। सबसे ज्यादा दिक्कत दो और चार पहिया वाहन चालकों को होती है।
रविवार को हुई बारिश के बाद यह मार्ग बंद हो गया है। यहां गड्ढों में जगह-जगह पानी भरा देखा जा सकता है।
-
पिछले साल लक्ष्मीपुर से सेटाखेड़ा तक बना था मार्ग
पिछले साल लक्ष्मीपुर से सेटाखेड़ा तक का मार्ग बना था, यह बिल्कुल सही है। सेटाखेड़ा से हरदासपुर तक मार्ग का भी निर्माण करा दिया जाए तो समस्या का काफी हद तक निदान हो सकता है।
-
यह गांव हैं प्रभावित
दबतोरी, दबतोरा, लक्ष्मीपुर, संग्रामपुर, बाबेपुर, पुरूआखेड़ा, धनूपुरा, हरदासपुर और आसफपुर। इसी रोड पर पुरूआखेड़ा रेलवे स्टेशन भी है।
-
कई मार्गों का एस्टीमेट बनाकर भेजा है। जैसे ही प्रस्ताव पास होता है और धनराशि प्राप्त हो जाती है, खराब मार्गों का निर्माण करा दिया जाएगा। - संजय जयंथ, एक्सईएन निर्माण खंड