निजी चिकित्सक के यहां इलाज कराते धर्म सिंह और उनकी बेटी ऊषा। संवाद
बिल्सी। गुधनी गांव में शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में आग लगने से होमगार्ड के प्लाटून कमांडर समेत चार लोग झुलस गए। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर किसी तरह आग पर काबू पाया। घायलों को उपचार के लिए नगर के एक निजी अस्पताल लाया गया है। जहां सभी का इलाज चल रहा है।
होमगार्ड में प्लाटून कमांडर के पद पर तैनात धर्म सिंह की पुत्रवधू वर्षा पत्नी विनोद रसोईघर में गैस सिलेंडर पर खाना बना रही थी। इसी दौरान पाइप से गैस लीक हो जाने से सिलेंडर में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। घर में मौजूद सभी लोग आग बुझाने में जुट गए। इस दौरान धर्म सिंह, उनकी पत्नी शकुंतला, बेटी उषा तथा पुत्रवधू वर्षा झुलस गए। घटना के बाद घर में चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर तमाम लोग दौड़ पड़े। किसी तरह लोगों ने आग पर काबू पाया। सभी झुलसे हुए लोगों को नगर के निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जांच शुरु कर दी है।