बदायूं में साइबर ठगों ने एक व्यक्ति की पत्नी के बैंक खाते से 9 लाख 70 हजार 769 रुपये की रकम निकाल ली। यह धोखाधड़ी डॉक्टर से अपॉइंटमेंट दिलाने के बहाने की गई, जिसमें दो रुपये के ऑनलाइन भुगतान का झांसा दिया गया था। पीड़ित ने साइबर थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर के शाहबाजपुर निवासी अश्विनी भारद्वाज ने शुक्रवार को साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 29 अप्रैल को उनकी पत्नी के मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने डॉक्टर से अपॉइंटमेंट तय कराने के लिए दो रुपये का ऑनलाइन भुगतान करने को कहा।
अश्विनी भारद्वाज ने बताया कि दो रुपये का भुगतान असफल रहा। उन्होंने किसी को कोई ओटीपी साझा नहीं किया। इसके बावजूद 29 अप्रैल से 2 मई के बीच उनकी पत्नी के बैंक ऑफ बड़ौदा खाते से कुल 19 बार में 9 लाख 70 हजार 769 रुपये निकाल लिए गए। साइबर क्राइम थाना में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस नंबर पर करें शिकायत
साइबर सेल प्रभारी विनोद कुमार वर्धन ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना खाता संख्या, पिन, ओटीपी या सीवीवी नंबर साझा न करें। धोखाधड़ी से पैसे निकलने की स्थिति में तुरंत 1930 पर कॉल करें। इसके अतिरिक्त, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल
https://cybercrime.gov.in/ पर शिकायत दर्ज की जा सकती है।