उझानी/कछला (बदायूं)। सावन महीने के अंतिम सोमवार को जलाभिषेक से पहले रविवार तड़के से ही गंगाघाट और बरेली-मथुरा हाईवे पर दूर तक सिर्फ कांवड़िये नजर आए। हजारों की संख्या में निकली टोलियों ने कांवड़ यात्रा शुरू करने से पहले गंगा में आस्था की डुबकी लगाई, फिर कांवड़ पूजन किया। कांवड़ यात्रा के दौरान महिला श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी रही।
कांवड़ियों की संख्या में रविवार तड़के से इजाफा होना शुरू हो गया। हल्की बूंदाबांदी में भी कांवड़ियों की रफ्तार पर ब्रेक नहीं लगा। हालांकि पूर्वाह्न में संख्या बढ़ी तो देर शाम तक गंगाघाट से लेकर हाईवे कांवड़ियों से गुलजार रहा। कांवड़ियों की टोलियों में शामिल बरेली के मीरगंज निवासी हरीओम ने बताया कि सावन का अंतिम सोमवार होने की वजह एक दिन पहले ही कांवड़ियों ने शिवालय की ओर कूच कर दिया है। कांवड़ यात्रा में सर्वाधिक टोलियां बरेली, पीलभीत और बदायूं की रहीं। कुछेक टोलियों ने रास्ते में विश्राम भी किया। सड़क किनारे विश्रामालय और स्कूलों में भी कांवड़ियां ठहरे। घंटा दो घंटा आराम करने के बाद उन्होंने फिर कांवड़ उठाई और बम-बम भोले का जयघोष करते हुए मंदिरों की ओर निकल पड़े।
-
भीड़ बढ़ी तो हाईवे पर फंसे वाहन
बम-बम भोले की गूंज के साथ कांवड़िये निकले तो कछला चौराहा, बितरोई मोड़, करुआ पुल, छतुइया रेल फाटक समेत जिरौलिया मोड़ के पास तीन-चार बार कांवड़ियों के वाहन फंस गए। दो बार तो घंटे भर तक आवागमन ठप रहा।
-
भंडारों में कांवड़ियों ने पाया प्रसाद
कांवड़ यात्रा के अंतिम पड़ाव से पहले रविवार सुबह से ही हाईवे किनारे भंडारों की संख्या में इजाफा होता गया। सपा नेता रजनीश गुप्ता ने अपने प्रतिष्ठान के सामने भंडारा कराया। घंटाघर चौराहे पर दुकानदारों की ओर से कांवड़ियों को ब्रेड-पकोड़ा, आइसक्रीम, जलजीरा और जलेबी बांटी गईं। कांवड़ियों के विश्रामालय के पास भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने जिलाध्यक्ष राजीव गुप्ता से प्रसाद बंटवाया। इसके अलावा चौराहे पर भाजपा नेताओं ने कांवड़ियों पर फूल बरसाए। इस मौके पर अखिल अग्रवाल, किशनचंद्र शर्मा, मुकेश शर्मा, शंकर गुप्ता, राहुल शंखधार, राजीव गुप्ता और अजय तोमर आदि मौजूद रहे।