वजीरगंज (बदायूं)। अखिल भारतीय श्री वैश्य बारहसैनी महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के लिए हुए चुनाव में दिल्ली के इंजीनियर सुशील कुमार वार्ष्णेय ने प्रतिद्वंद्वी दिल्ली के ही आरपी वार्ष्णेय को 139 मतों से हराकर प्रधान पद पर कब्जा कर लिया। वजीरगंज के सत्येंद्र कुमार वार्ष्णेय को पहले ही निर्विरोध उप प्रधान चुना जा चुका है। सुशील कुमार वार्ष्णेय को 981 और आरपी वार्ष्णेय को 842 मत मिले।
महामंत्री पद पर अलीगढ़ के योगेश कुमार गुप्ता ने अलीगढ़ के ही संजीव कुमार वार्ष्णेय को 155 मतों से पराजित किया। योगेश को 988 और संजीव को 833 मत मिले।
नगर में रविवार को श्री वार्ष्णेय धर्मशाला में अखिल भारतीय श्री वैश्य बारहसैनी महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के चुनाव के लिए मतदान हुआ था। मतदान में देश के कोने-कोने से आए डेलीगेट्स ने हिस्सा लिया। 2233 मतदाताओं में से 1853 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। रविवार देर रात मतगणना के बाद चुनाव परिणाम घोषित किए गए। कोषाध्यक्ष मुंबई के सुनील कुमार गुप्ता निर्वाचित हुए। सुनील कुमार गुप्ता को 747 जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी अलीगढ़ के अर्जुन देव वार्ष्णेय को 718 मत मिले। संयुक्त महामंत्री पद पर अलीगढ़ के डॉ. चंद्रशेखर वार्ष्णेय विजयी रहे। चंद्रशेखर को 1183 और उनके प्रतिद्वंद्वी अलीगढ़ के ही कालीचरण वार्ष्णेय को 641 मत मिले।
संयुक्त मंत्री पद पर चंदौसी के सुभाष चंद्र भोलेनाथ 104 वोट से विजयी हुए। उनको 953 और प्रतिद्वंद्वी अलीगढ़ के अमित गुप्ता को 849 वोट मिले। संगठन मंत्री पद पर बहजोई के सुमित वार्ष्णेय ने 259 मतों से जीत हासिल की। उनके प्रतिद्वंद्वी अनुज कुमार वार्ष्णेय थे। प्रचार मंत्री पद पर बबराला के विनय कुमार वार्ष्णेय एडवोकेट ने जीत दर्ज की। उनके प्रतिद्वंद्वी गोंडा के बाबूलाल थे। जोन नौ में चंदौसी मंत्री पद के लिए हुए चुनाव में बहजोई के नितिन कुमार 176 वोट से विजयी हुए। जोन दो अलीगढ़ उपाध्यक्ष पद पर गौरव गुप्ता निर्वाचित हुए। चुनाव परिणामों की घोषणा चुनाव अधिकारी अशोक वार्ष्णेय ने की। इस मौके पर पवन कुमार वार्ष्णेय, राकेश कुमार वार्ष्णेय, डिपिन चंद्र वार्ष्णेय, गौरव वार्ष्णेय, लवलेश वार्ष्णेय आदि का विशेष सहयोग रहा। संवाद
सुशील कुमार वार्ष्णेय।- फोटो : BADAUN