बदायूं। बदायूं क्लब में रविवार को मतदाता जागरूकता हस्ताक्षर अभियान चलाया गया तो काव्य गोष्ठी में कवियों ने मतदान के लिए लोगों का आह्वान किया।
सीडीओ ऋषिराज ने हस्ताक्षर कर सभी सदस्यों, कवियों, समाजसेवियों के साथ मतदाता जागरूकता अभियान की शुरुआत की। उन्होंने सभी कवियों का स्वागत कर सभी से 14 फरवरी को अधिक से अधिक मतदान की अपील की।
बदायूं क्लब में आयोजित काव्य गोष्ठी में विशिष्ट अतिथि डीसी मनरेगा आरएस यादव ने कहा-
पहले डालें वोट पहुंचकर, पीछे फिर जलपान करें।
आपस के सब बैर भुलाकर, आओ हम मतदान करें।
सचिव डॉ. अक्षत अशेष ने कहा-
आओ सब मिल करें यह अभियान सपोर्ट।
सब मिल कर कहें यस आई विल वोट।
शायर नईम बदायूंनी ने कहा-
मिल जुलकर आपस में बैठें, नफरत पर आघात करें।
जात-पात से ऊपर उठकर, आओ नई शुरुआत करें।
राजवीर सिंह तरंग ने कहा-
चलो साथियों वोट डालने, अपना फर्ज निभाना है।
अपना भारत श्रेष्ठ है भारत, सबको आज बताना है।
अहमद अमजदी ने कहा-
यह गुजारिश है मेरी श्रीमान होना चाहिए, देश हित में आप का मतदान होना चाहिए।
देश में जारी ये अब फरमान होना चाहिए, घर में अब हर एक के संविधान होना चाहिए।
इस मौके पर डॉ. कमला माहेश्वरी, दिनेश वर्मा, रविंद्र मोहन सक्सेना, संजय रस्तोगी, नरेश शंखधार, अनिल शर्मा, डॉ. सरला चक्रवर्ती, डॉ. इति अधिकारी, सौरभ शंखधार, सुशील शर्मा मौजूद रहे। संचालन अभिषेक अनंत ने किया। संवाद