बदायूं। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के निर्देश पर जिला विज्ञान क्लब की ओर से वैज्ञानिक जागरूकता के तहत अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, वहीं छात्राओं को विज्ञान के संबंध में जानकारी दी गई। इस मौके पर कई प्रतियोगिताओं का आयोजन कर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
नगर पालिका कन्या इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य अनीता जैन की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन पालिकाध्यक्ष दीपमाला गोयल और डीआईओएस राममूरत ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद की ओर से संचालित जिला विज्ञान क्लब बहुत ही अच्छे ढंग से कार्य कर रहा है। इसके कार्यक्रमों से जिले के बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण उत्पन्न हो रहा है। डीआईओएस ने छात्रों को न्यूटन व जेम्स वाट के उदाहरण देते हुए अच्छा वैज्ञानिक बनने को कहा। इसके बाद में डीआईओएस ने राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान के जिला समंवयक सीपी सिंह व अनिल कुमार वार्ष्णेय के साथ विद्यार्थियों द्वारा बनाए गए विज्ञान मॉडल का निरीक्षण किया, वहीं गमला प्रतियोगिता में लाए विभिन्न गमलों को देखा। समाचार पत्र-पत्रिकाओं में छपे वैज्ञानिक समाचारों की कटिंग्स के संग्रह का भी अवलोकन किया। इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर जिला विज्ञान क्लब के समन्वयक विवेक जौहरी, अमन शर्मा, करुणेश राठौर, मयंक सक्सेना, प्रज्ञा शर्मा, केशव सक्सेना आदि मौजूद रहे।