दहगवां (बदायूं)। जरीफनगर थाना क्षेत्र के ग्राम सोभनपुर में बुधवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इसकी सूचना पर पहुंचे मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना के बाद पुलिस द्वारा कराए गए पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बीमारी से मौत की पुष्टि हुई है।
विवाहिता सरोज (28) का करीब दस साल पहले सोभनपुर निवासी सतीश यादव के साथ विवाह हुआ था। सरोज का मायका संभल जिले में गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ढडूमर में है। उसके तीन बच्चे हैं। उसके भाई अमरपाल के मुताबिक सतीश शराब पीकर रोज उसकी बहन से मारपीट करता था। करीब एक माह पहले भी उसने मारपीट की थी। कई बार इस बात को लेकर पंचायत भी हो चुकी थी। इसके बावजूद सतीश नहीं सुधरा। आखिरकार उसने बुधवार रात सरोज की गला दबाकर हत्या कर दी। उसके बाद वह मौके से भाग गया। अमरपाल की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। जिसमें मौत की वजह बीमारी बताई गई है।
इधर, सतीश के पिता रामेश्वर ने भी बताया कि सरोज की काफी समय से हालत खराब चल रही थी। वह कई दिन से बुखार से पीड़ित थी। बुधवार रात उसकी ज्यादा हालत बिगड़ गई। परिवार वाले उसे अस्पताल ले जाते, उससे पहले सरोज की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिवार वालों को सौंप दिया है। अभी पुलिस ने इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की है।