बदायूं। अमर उजाला फाउंडेशन के अपराजिता 100-मिलियन स्माइल्स अभियान के तहत मंगलवार को सिग्लर मिशन गर्ल्स इंटर कॉलेज में ‘सिंगल यूज प्लास्टिक को कहें न’ विषय पर एक जागरूकता गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें छात्राओं को प्लास्टिक का बहिष्कार करने का संदेश दिया गया। छात्राओं को यह भी बताया गया कि वे प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करें और अपने आसपास लोगों को भी इसके नुकसान बताते हुए जागरूक करें।
मंगलवार को हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गिंदो देवी महिला महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. गार्गी बुलबुल ने कहा कि आज प्लास्टिक का हर जगह प्रयोग हो रहा है। इससे फायदे तो कम हैं लेकिन नुकसान बहुत ज्यादा हैं। यह एक प्रकार का स्लो प्वॉइजन है, जो धीरे-धीरे लोगों को, जीव जंतुओं को मौत के मुंह में धकेल रहा है। आज समुद्र में हजारों टन कचरा, प्लास्टिक निकल रहा है। नहरें, नदियों और तालाबों में प्लास्टिक फेंका जा रहा है। इससे पानी में रहने वाले जीव जंतु इसके शिकार हो रहे हैं। सड़कों पर पॉलिथीन खाकर जानवर मर रहे हैं। नाले-नालियां चोक हो रहे हैं। जब तक हम प्लास्टिक का प्रयोग बंद नहीं करेंगे, तब तक ये नुकसान होते रहेंगे।
राजकीय महिला डिग्री कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. वंदना मिश्रा ने कहा कि प्लास्टिक ऐसी चीज है, जो जमीन में दबकर भी आसानी से खत्म नहीं होती। इसलिए बेहतर यही होगा कि हम इसका प्रयोग बंद कर दें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समुद्र तट पर प्लास्टिक बीनकर एक संदेश दिया है। दो अक्तूबर से इसके खिलाफ अभियान चल रहा है। हमें अब इसका उपयोग बंद करना होगा, तभी हमारा पर्यावरण शुद्ध हो पाएगा।
कॉलेज की प्रधानाचार्य वीना कोचर ने कहा कि प्लास्टिक के खिलाफ हमें सिर्फ स्कूल में ही नहीं, घर में, मोहल्ले में और हर गांव-शहर में अभियान चलाना होगा। बाजार थैला लेकर जाएं, पॉलिथीन का कम से कम उपयोग करें। पाउच में आने वाली वस्तुएं नहीं खरीदें। कार्यक्रम में कामिनी गुप्ता, एस अब्राहम, एमए जॉन, के लिली, पूनम अग्रवाल, सिरिन हैमिल्टन, मालती, संजना, सपना, अर्चना आदि मौजूद रहीं।
लघु नाटक मंचित कर छात्राओं ने दिया संदेश
सिग्लर मिशन गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्लास्टिक का प्रयोग बंद करने का संदेश दिया। उन्होंने प्लास्टिक के विरोध में गाये गए गीत पर डांस किया और बाजार में थैला लेकर जाने को प्रेरित किया।
मुख्य अतिथि ने छात्राओं को किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. गार्गी बुलबुल ने कॉलेज की प्रतिभाशाली छात्राओं को सम्मानित किया। स्कूल की छात्राओं ने पिछले दिनों हुईं मंडलीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में भाग लिया था। कई छात्राओं ने गोल्ड और सिल्वर पदक प्राप्त किए थे। सम्मानित होने पर इन छात्राओं के चेहरे चमक उठे।