आसफपुर (बदायूं)। मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर एक ट्रक को ओवरटेक करने के चक्कर में दो ट्रक आमने सामने टकरा गए। हादसे में उनके अगले हिस्सों के परखचे उड़ गए, वहीं जिस ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया गया था, वह असंतुलित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे में उसके चालक की दबकर मौत हो गई और क्लीनर घायल हो गया। सड़क पर ट्रक भिड़ने से लंबा जाम लग गया। बाद में पहुंची पुलिस ने ट्रक हटवाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक चालक घायल क्लीनर का सगा भाई था।
हादसा फैजगंज बेहटा कस्बे और थाने के नजदीक हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मंगलवार सुबह सेब लदा एक ट्रक बदायूं से चंदौसी जा रहा था। यह ट्रक मुरादाबाद-फर्रुखाबाद हाईवे पर फैजगंज बेहटा कस्बे के नजदीक पहुंचा था, कि तभी पीछे से तेज गति में आ रहे ट्रक ने उसे ओवरटेक किया। उसी समय अचानक एक ट्रक सामने से आ गया और ओवरटेक कर रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। सेब लदे ट्रक के चालक ने दोनों को बचाने की कोशिश की, जिसके प्रयास में वह ट्रक सड़क किनारे जाकर पलट गया। सड़क पर वाहनों की जोरदार भिड़ंत की आवाज सुनकर कस्बे के लोग चौंक गए। कुछ लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए। उनकी सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पलटे पड़े ट्रक से चालक और हेल्पर को जैैसे-तैसे बाहर निकाला। उन्हें आसफपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाते वक्त चालक मनप्रीत (23) पुत्र गुरुमुख सिंह निवासी रविदास नगर, बग्गा रोड फगवाड़ा (पंजाब) की मौत हो गई जबकि उसका सगा बड़ा भाई क्लीनर प्रताप सिंह (26) गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद आमने-सामने से भिड़े दोनों ट्रकों के चालक और हेल्पर मौके से भाग गए। इधर सड़क पर लंबा जाम लग गया। पुलिस को सड़क से ट्रक हटाने में काफी समय लग गया। इससे ज्यादातर वाहन आसफपुर रोड से निकाले गए। कड़ी मशक्कत के बाद ट्रकों को सड़क से हटाया जा सका, तब कहीं जाकर यातायात शुरू हुआ। चालक के भाई ने हादसे के संबंध में पुलिस को तहरीर दी है। वहीं पुलिस ने ट्रकों को कब्जे में लेकर चालक मनप्रीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
डग्गामार वाहनों को बंद कराने की मांग, सौंपा ज्ञापन
उसहैत। बदायूं-उसहैत मार्ग पर चलने वाली प्राइवेट बस यूनियन ने डग्गामार वाहनों के खिलाफ पुलिस को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। यूनियन अध्यक्ष ओमकार सिंह ने कहा है कि बदायूं-उसहैत मार्ग पर प्राइवेट बस का संचालन होता है। प्राइवेट बस संचालक की ओर से टैक्स भी जमा किया जाता है, लेकिन कुछ समय से इस मार्ग पर डग्गामार वाहनों ने कब्जा कर लिया है। डग्गामार वाहन बेखौफ सड़कों पर दौड़ते हैं और सवारियों को भरकर ले जाते हैं। साथ ही वह लोग टैक्स भी जमा नहीं करते और न ही उनके पास परमिट ही है। इससे प्राइवेट बस संचालकों को नुकसान हो रहा है। बस यूनियन के सदस्यों ने पुलिस को ज्ञापन सौंपकर बदायूं- उसहैत मार्ग से डग्गामार वाहनों को बंद कराने की मांग की है। इस दौरान प्रदीप भारद्वाज, दिलीप भारद्वाज, रामू, मदनलाल भारद्वाज, छोटे आदि मौजूद रहे। संवाद