बदायूं। केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज में राष्ट्रीय सेवायोजना का स्थापना दिवस व स्वर्ण जयंती समारोह धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश करके समां बांध दिया। शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. कमला माहेश्वरी ने ध्वजारोहण एवं मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण कर किया। छात्राओं ने मां सरस्वती की वंदना प्रस्तुत की। प्रधानाचार्य डॉ. अमलेश गुप्ता ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
मुख्य अतिथि ने कहा कि बेटियां एक नहीं दो कुलों का भार उठाती हैं। उनमें वह सामर्थ्य है कि वे आकाश पर इतिहास लिख सकती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना दिखावे की योजना नहीं है। यह तो विचारों को भाव से जोड़ने की योजना है। अंत में प्रधानाचार्य डॉ. अमलेश गुप्ता ने आभार व्यक्त किया। संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी प्रवीण रानी ने किया।
गिंदो देवी कॉलेज की एनएसएस की द्वितीय इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ सुमन सिंह के निर्देशन व प्राचार्य डॉ गार्गी बुलबुल के संरक्षण में स्वयं सेविकाओं ने अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया। स्वयं सेविकाओं ने लक्ष्य गीत प्रस्तुत करने के साथ-साथ भजन व गीत सुनाए। इस मौके पर डॉ इंदु शर्मा, डॉ शिखा, बबीता, एकता आदि शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
पार्वती आर्य कन्या इंटर कॉलेज में प्रधानाचार्य मधु शर्मा ने एनएसएस ध्वजारोहण किया। इस मौके पर कला, भाषण, लघु नाटिका आदि की प्रस्तुति की गई। सभी कार्यक्रम अमिता आलोक के निर्देशन मे हुए। रीना सिंह, सुविज्ञा, अरुण राठौर आदि मौजूद रहे। राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के स्थापना दिवस पर छात्राओं को जीवन में सामुदायिक सेवा की भावना को आत्मसात करने के लिए प्रेरित किया गया। प्लास्टिक मुक्त भारत विषय पर छात्राओं ने विचार रखे। कार्यक्रम में प्राचार्य डॉ. स्मिता जैन, डॉ. वंदना मिश्रा आदि उपस्थति रहे।