जीवनदायनी को स्वच्छ रखने को घाट वालों की पहल
जल की पवित्रता नष्ट करने में बाज नहीं आते बाइक सवार
जीवनदायनी की स्वच्छता को लेकर सरकारी और सामाजिक स्तर से अभियान चलाए जाते रहे हैं लेकिन आस्था के नाम बाइक सवार लोग गंगा की पवित्रता से खिलवाड़ करने से बाज नहीं आते। उन्हें सजग करने के लिए घाट किनारे के दुकानदारों ने अनूठा तरीका अख्तियार कर लिया है। गंगा में किसी को बाइक धोते देखने पर दुकानदार सीटी बजाने लगेंगे।
ऐसा ही नजारा सोमवार को पूर्णिमा पर देखने को मिला। स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं में से कुछ बाइक सवार लोगों ने डुबकी लगाने से बाइक को धोना शुरू कर दिया। चार-छह लोग तो बाइक पर बैठकर ही उसे जल के अंदर दौड़ाने लगे। यह देख घाट पर प्रसाद आदि बेचने वाले दो-तीन दुकानदार सीटी बजाने लगे। सीटी बजाने को लेकर दुकानदारों में रामपाल ने बताया कि गांधीवादी तरीके से विरोध करना ज्यादा कारगर साबित होगा। सीटी बजने पर कथित श्रद्धालु खुद को बेहज्जत भी महसूस करेंगे।
गंगा को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए उठाए गए कदम को लेकर संत-महात्मा भी काफी खुश है। महात्मा हरीओम शर्मा कहते हैं कि लोगों को आस्था के नाम पर ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए जो जल की पवित्रता पर सवाल खड़े करे। बता दें कि नगर पंचायत अध्यक्ष पुष्पा देवी लौनिया चौहान की ओर से लोगों को जागरूक करने के लिए घाट पर फ्लैक्स भी लगवाए गए हैं। वैसे, केंद्र सरकार ने भी गंगा की स्वच्छता से लेकर घाटों के सुंदरीकरण की दिशा में नमामि गंगे योजना की शुरूआत कर दी है।
-----
गंगाघाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब
उझानी। सोमवार को पूर्णिमा पर हजारों की संख्या में जुटे श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की। घाट हर-हर गंगे से गूंजते रहे। गंगाघाट पर सुबह से जुटे श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन भी किए। कन्याओं को भोज कराया गया। बच्चों के मुंडन संस्कार भी कराए गए। सर्वाधिक भीड़ कासगंज जिले के घाटों पर रही। घाट से दूर सहसवान रोड पर लगे मेला में भी भीड़भाड़ रही।
----
पुलिस चौकी के सामने लगा जाम
उझानी। पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने की वजह से प्राइवेट वाहन चालकों ने जमकर मनमानी की। उन्होंने सवारियां बैठाने के लिए वाहनों को सड़क किनारे ही खडे कर लिया। ज्यादातर वाहन पुलिस चौकी और जीबी पंत डिग्री कॉलेज के आसपास दिखे। बेतरतीब वाहनों की वजह से सुबह में करीब 10 बजे जाम लगने लगा। पूर्वाह्न में जाम ने ऐसा झमेला किया कि वाहनों की लंबी कतार लग गई। रोडवेज सवार दूर दराज के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।